
Image Source : FREEPIK
हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक लिवर में सूजन मुख्य रूप से फैटी लिवर के कारण होती है। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि जब लिवर सेल्स में अतिरिक्त वसा यानी एक्सेस फैट जमा हो जाता है, तब फैटी लिवर की समस्या पैदा हो सकती है। एक्सेस फैट की वजह से लिवर सेल्स सामान्य से 5-10% बड़े हो जाते हैं। अगर आप फैटी लिवर के खतरे को कम करना चाहते हैं, तो आपको अपनी कुछ आदतों को समय रहते सुधार लेना चाहिए वरना बाद में आपको पछताना पड़ सकता है।
अनहेल्दी खान-पान- क्या आप ज्यादा कैलोरी, चीनी, रिफाइंड कार्बोहाइड्रेट (मैदा) और प्रोसेस्ड फूड (फास्ट फूड) का रेगुलर सेवन करते हैं? अगर हां, तो आपको बता दें कि खान-पान में मामले में इस तरह की लापरवाही लिवर में सूजन और फिर फैटी लिवर का कारण बन सकती है। अपनी सेहत को मजबूत बनाए रखने के लिए हेल्दी और बैलेंस्ड डाइट प्लान को फॉलो करना शुरू कर दीजिए।
वजन बढ़ना- हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक अगर आप सेहतमंद बने रहना चाहते हैं, तो आपको हेल्दी वेट मेनटेन करके रखना चाहिए। जरूरत से कम या फिर जरूरत से ज्यादा वजन, सेहत को काफी नुकसान पहुंचा सकता है। मोटापे की वजह से पेट के आसपास चर्बी जमा हो जाती है और इसके कारण शरीर में फैट प्रोसेसिंग यानी मेटाबॉलिज्म स्लो हो जाता है। अपनी लिवर हेल्थ को मजबूत बनाए रखने के लिए मोटापे से दूरी बनाए रखना बेहद जरूरी है।
शराब पीने की आदत- शराब पीने की आदत न केवल आपके लिवर के लिए बल्कि आपकी ओवरऑल हेल्थ के लिए भी हानिकारक साबित हो सकती है। शराब पीने से फैटी लिवर का खतरा कई गुना बढ़ सकता है। इसके अलावा शारीरिक गतिविधि की कमी भी फैटी लिवर का कारण बन सकती है। समय रहते इस तरह की आदतों में सुधार लाना बेहद जरूरी है वरना फैटी लिवर समेत कई दूसरी गंभीर बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है।
डिस्क्लेमर: इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।



