
Danish Pandor Role On Dhurandhar 2: एक्शन और जासूसी से भरपूर फिल्म ‘धुरंधर 2’ इन दिनों दर्शकों के बीच जबरदस्त चर्चा में है। फिल्म की कहानी, सीन्स और किरदारों को लेकर सोशल मीडिया पर लगातार बातें हो रही हैं। खास तौर पर दानिश पंडोर द्वारा निभाया गया उजैर बलोच का किरदार लोगों का ध्यान खींच रहा है। दर्शक यह जानने के लिए उत्सुक हैं कि पर्दे पर दिखाई गई उसकी कहानी कितनी हकीकत पर आधारित है।
‘धुरंधर 2’ एक स्पाई थ्रिलर फिल्म है, जिसमें भारतीय खुफिया एजेंट कराची के खतरनाक गैंग्स से टकराते नजर आते हैं। फिल्म में उजैर बलोच को एक खतरनाक और चालाक गैंगस्टर के रूप में दिखाया गया है। दानिश पंडोर ने इस किरदार को काफी प्रभावशाली तरीके से निभाया है, जिससे फिल्म के कई सीन और भी रोमांचक बन गए हैं।
कौन था उजैर बलोच?
उजैर बलोच कराची के ल्यारी इलाके का एक कुख्यात गैंगस्टर था। उसके पिता फैज मोहम्मद की हत्या के बाद उसने बदला लेने की ठानी। अपने चचेरे भाई रहमान बलोच उर्फ ‘डकैत’ के साथ मिलकर उसने अपराध की दुनिया में कदम रखा और धीरे-धीरे अपने गिरोह को मजबूत किया।
हालांकि, फिल्म में ये भी दिखाया गया है कि उजैर बलोच अपने दुश्मन अरशद पप्पू का सिर काट देता है और फिर उसी कटे हुए सिर से फुटबॉल खेलता है। इस सीन को बेहद ग्राफिक और इंटेंस तरीके से पेश किया गया है, जिसने दर्शकों को चौंका दिया है। कहा जाता है कि यह सीन असल घटनाओं से प्रेरित है, जिसने इसे और भी ज्यादा डरावना बना दिया।
गैंग की क्रूरता और दबदबा
रहमान डकैत की मौत के बाद उजैर ने गिरोह की कमान संभाली और अपराधों का सिलसिला और बढ़ गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उसका गैंग अपहरण, हत्या और जबरन वसूली जैसे गंभीर अपराधों में शामिल था। इतना ही नहीं, कुछ मामलों में उनके बर्बर व्यवहार की खबरें भी सामने आईं। वह पीपुल्स अमन कमेटी (PAC) का प्रमुख भी रहा, जिससे उसे स्थानीय राजनीति में काफी ताकत मिली।
गिरफ्तारी और मौजूदा स्थिति
पाकिस्तानी सरकार ने 2011 में PAC को भंग कर दिया था, ताकि उसके बढ़ते प्रभाव को रोका जा सके। उजैर बलोच पर कई गंभीर आरोप थे, जिसके बाद 2016 में उसे गिरफ्तार किया गया। बाद में उसे सेना को सौंपा गया और फिर 2020 में पुलिस के हवाले कर दिया गया। फिलहाल वह जेल में बंद है।
फिल्म ‘धुरंधर 2’ में रणवीर सिंह का किरदार उजैर बलोच का इस्तेमाल कर पाकिस्तान से भागने में सफल होता है। हालांकि, असल जिंदगी में ऐसा कोई ठोस सबूत नहीं है कि उजैर कभी भारतीय जासूसों से जुड़ा था। यही वजह है कि फिल्म में दिखाए गए कई सीन्स को सिनेमाई छूट के तौर पर देखा जा रहा है। ‘धुरंधर 2’ भले ही असली घटनाओं से प्रेरित हो, लेकिन इसमें ड्रामा और थ्रिल बढ़ाने के लिए कई बदलाव किए गए हैं, जो इसे और भी दिलचस्प बनाते हैं।



