
Image Source : FREEPIK
इंसान के शरीर में किसी भी तरह की बीमारी किसी खास कारण से पैदा होती है। हर बीमारी की कोई न कोई वजह होती है। हमारे शरीर के सभी अंग एक दूसरे से जुड़े हैं और सभी का आपस में खास कनेक्शन है। किसी एक अंग में कोई परेशानी होती है तो दूसरे अंग पर इसका असर होता है। हार्ट के साथ भी ऐसा ही है। हार्ट की अपनी समस्याएं तो होती ही हैं साथ ही कई दूसरी परेशानी भी हार्ट अटैक का कारण बन जाती हैं। आइये फोर्टिस एस्कॉर्ट्स हार्ट इंस्टीट्यूट के चेयरमैन और जाने माने डॉक्टर अशोक सेठ से जानते हैं कि आखिर हार्ट अटैक क्यों आता है और इसके क्या कारण हैं?
हार्ट अटैक क्यों आता है?
हाई कोलेस्ट्रॉल- डॉक्टर अशोक सेठ ने बताया कि हार्ट अटैक आने का मुख्य और सबसे बड़ा कारण हाई कोलेस्ट्रॉल को माना जाता है। जब हमारे शरीर में खराब कोलेस्ट्रॉल नसों में जमने लगता है तो ये नसों को ब्लॉक करता है। इस स्थिति में हार्ट तक खून और ऑक्सीजन सही तरीके से नहीं पहुंच पात है। इससे दिल पर दवाब पड़ता है और ये ब्लॉकेज हार्ट अटैक का कारण बन सकती है।
हाई ब्लड प्रेशर- खून में दबाव कम ज्यादा होना दिल के लिए ठीक नहीं है। शरीर में ब्लड प्रेशर का बढ़ना हार्ट के लिए अच्छा संकेत नहीं है। हाई बीपी में ब्लड फ्लो तेज होने से हार्ट पर प्रेशर पड़ता है, जिससे हार्ट फेल होने का खतरा बढ़ता है।
मोटापा- हार्ट अटैक का तीसरा और एक बड़ा कारण वजन बढ़ना है। मोटापा बढ़ने से दिल का दौरा पड़ने का खतरा भी तेजी से बढ़ता है। इससे नसों में सूजन आ सकती है और खून और ऑक्सीजन की सप्लाई भी प्रभावित हो सकती है।
डायबिटीज- ब्लड शुगर बढ़ने से शरीर के सभी अंग प्रभावित होते हैं। डायबिटीज ऐसी बीमारी है जो शरीर के सभी अंगों को प्रभावित करती है। डायबिटीज के मरीज में हार्ट अटैक का खतरा काफी बढ़ जाता है।
ज्यादा गुस्सा और तनाव- अगर आपको इन सारी बीमारियों के साथ ज्यादा गुस्सा आता है तो ये और भी खतरनाक है। ज्यादा गुस्सा करने से ब्लड प्रेशर और तनाव बढ़ता है। इससे हार्ट अटैक का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। इसलिए तनाव और टेंशन से दूर रहें।
परिवार में दिल की बीमारी- अगर आपके परिवार में किसी को हार्ट अटैक आया है या दिल से जुड़ी कोई बीमारी की हिस्ट्री रही है, तो आपके लिए खतरा काफी बढ़ जाता है। इसलिए जिन लोगों के परिवार में हार्ट से जुड़ी बीमारियों की हिस्ट्री रही है उन्हें सावधान रहना चाहिए।
Disclaimer: (इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।)



