
Image Source : FREEPIK
गर्मियों में ऐसी चीजों को डाइट में शामिल करने की सलाह दी जाती है जिनमें पानी की मात्रा भरपूर हो। ऐसे में इस मौसम में लोग खीरे का सेवन खूब करते हैं। इसे लोग सलाद के तौर पर खाना पसंद करते हैं। इसके साथ ही इसका रायता भी लोगों को खूब पसंद आता है। लेकिन बाजार में इन दिनों हर चीज में ही मिलावट हो रही है। ऐसे में खीरे में भी मिलावट होने की संभावना रहती है। लेकिन यहां हम कुछ आसान टिप्स बता रहे हैं जिससे आप घर में खाली पड़े गमले में खीरा उगा सकते हैं। यहां जान लें घर पर खीरा उगाने का आसान तरीका।
1. सही गमले चुनें
खीरे की जड़ों को फैलने के लिए जगह चाहिए होती है। ऐसे में कम से कम 12 से 15 इंच गहरा और चौड़ा गमला लें। गमले के नीचे छेद जरूर होना चाहिए ताकि फालतू पानी निकल सके और जड़ें न सड़ें।
2. मिट्टी तैयार करें
खीरे को पोषक तत्वों वाली मिट्टी पसंद है। आप इस अनुपात में मिट्टी तैयार करें। इसके लिए 50% सामान्य मिट्टी, 30% गोबर की खाद या वर्मीकम्पोस्ट, 20% रेत या कोकोपीट।
3. बीज लगाने का तरीका
अच्छी क्वालिटी के हाइब्रिड बीज लें। बीज को मिट्टी में लगभग आधा से 1 इंच गहरा दबाएं। एक गमले में 2-3 बीज लगाएं। जब पौधे 3-4 इंच के हो जाएं, तो सबसे स्वस्थ पौधे को छोड़कर बाकी हटा दें।
4. धूप और पानी
खीरे के पौधे को रोजाना 6-8 घंटे की सीधी धूप की जरूरत होती है। इसे ऐसी जगह रखें जहां अच्छी रोशनी आती हो। मिट्टी में हमेशा नमी रखें, लेकिन उसे कीचड़ न बनने दें। गर्मियों में दिन में दो बार पानी देने की जरूरत पड़ सकती है।
5. बेल को सहारा देना
खीरा एक बेल वाली सब्जी है। इसे ऊपर चढ़ाने के लिए किसी लकड़ी, जाली या रस्सी का सहारा दें। इससे फल जमीन पर नहीं लगते और सड़ने से बचते हैं। पौधे को बेहतर हवा और धूप मिलती है।
6. इस बात का भी रखें ध्यान
हर 15-20 दिन में एक मुट्ठी वर्मीकम्पोस्ट या लिक्विड फर्टिलाइजर डालें। अगर पत्तों पर कीड़े दिखें, तो नीम के तेल का स्प्रे करें।



