
Image Source : FREEPIK
एक कमजोर हड्डी को मजबूत बनाने में 150 दिन लगते हैं लेकिन उसे खराब होने में सिर्फ 20 दिन लगते हैं। इसलिए ये जानना बहुत जरूरी है कि बोन्स को ताकतवर बनाकर शरीर को सेहतमंद कैसे रख सकते हैं। स्किपिंग पैरों, पेल्विक फ्लोर और रीढ़ की हड्डियों को मजबूत बनाती है। सीढ़ियां चढ़ने-उतरने से थाइज, घुटने, पिंडलियां और टखने मजबूत रहते हैं। हड्डियां स्ट्रॉन्ग रहे उसके लिए जरूरी है कि उनकी डेंसिटी न घटे। और इसके लिए आप पुशअप्स कर सकते हैं या फिर स्क्वॉट्स के साथ वेट ट्रेनिंग जैसे डंबल लेकर लंजेज, बाइसेप्स, ट्राई सेप्स जैसी एक्सरसाइज कर सकते हैं।
गौर करने वाली बात- हड्डियों में ताकत के साथ-साथ लचीलापन होना भी जरूरी है। इसके लिए सबसे कारगर योगाभ्यास हैं ताड़ासन, तिर्यक ताड़ासन, उष्ट्रासन, सेतुबंधासन और चक्रासन। हफ्ते में सिर्फ 5 दिन इनमें से कोई भी तरीके से पसीना बहाने से ऑस्टियोपोरिस का खतरा 70% तक कम हो जाता है। सौ बातों की एक बात, जवानी में जमा करें और बुढ़ापे में खर्च यानी आपने बचपन से लेकर 35 की उम्र तक अगर पसीना बहाया, हड्डियों को सही खानपान दिया, तो उम्र बढ़ने के साथ आपकी हड्डियां उतनी कमजोर नहीं होंगी जितनी आपकी उम्र के किसी दूसरे शख्स की होंगी।
जरूरी है हड्डियों को मजबूत बनाना- अगर आप हड्डियों को मजबूत बनाने में कामयाब हो गए, तो न तो घुटने घिसने की नौबत आएगी और न ही यंग एज में जॉइंट्स की परेशानी बढ़ेगी। विटामिन-डी और कैल्शियम की कमी से युवाओं की भी बोन्स इतनी कमजोर हो रही हैं कि जरा सा झटका लगने या चोट लगने से फ्रैक्चर हो रहा है। ऐसे हालात न बनें, उसके लिए जरूरी है कि आज से और अभी से एक्टिव हो जाएं। योग की शरण में आएं और जीवन सेहतमंद बनाएं। हड्डियां कमजोर न हों, इसके लिए चाय-कॉफी न लें, टमाटर न खाएं, शुगर कम करें, तला-भुना खाने से बचें और वजन कंट्रोल रखें।
किस-किस वजह से बढ़ सकता है दर्द- वजन उठाने से गठिया का दर्द बढ़ सकता है। वजन सहने वाले जोड़ यानी घुटने-कूल्हे में दर्द महसूस हो सकता है। ज्यादा वजन उठाने से लचीलापन देने वाले जोड़ यानी कंधा, गर्दन, कमर और स्पाइन पर भी नेगेटिव असर पड़ सकता है। छोटे और नाजुक जोड़ यानी उंगलियां, कलाई, पैर की उंगलियां, कोहनी में भी दर्द महसूस हो सकता है। गलत पॉश्चर में बैठना, खराब खानपान, ज्यादा वजन, विटामिन डी की कमी, कैल्शियम की कमी हड्डियों की सेहत को बुरी तरह से प्रभावित कर सकती है।
जोड़ों के दर्द से कैसे पाएं छुटकारा- जॉइंट पेन से राहत पाने के लिए प्रोसेस्ड फूड, ग्लूटेन फूड, अल्कोहल, ज्यादा चीनी-नमक से परहेज करना शुरू कर दीजिए। वजन न बढ़ने दें, स्मोकिंग से बचें और अपना पॉश्चर सही रखें। हड्डियों को मजबूत बनाने के लिए खाने में कैल्शियम बढ़ाएं, एक कप दूध जरूर पिएं। सेब का सिरका भी बोन हेल्थ के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है। गुनगुने पानी में दालचीनी-शहद लें। गठिया के दर्द से छुटकारा पाने के लिए गुनगुने सरसों के तेल की मालिश करें, दर्द की जगह गर्म पट्टी बांधें, गुनगुने पानी में सेंधा नमक डालकर सिकाई करें। घर पर पीड़ांतक तेल बनाने के लिए अजवाइन, लहसुन, मेथी, सोंठ, हल्दी, निर्गुंडी, पारिजात, अर्क पत्र को अच्छी तरह से कूट लें और फिर सरसों या तिल के तेल में उबालें और इस होममेड तेल से मसाज करें। गिलोय का काढ़ा, हरसिंगार फूल का रस, हल्दी-मेथी-सौंठ पाउडर, हल्दी दूध आपकी हड्डियों के लिए फायदेमंद साबित हो सकते हैं।



