
Image Source : REPORTER INPUT
धनबाद के राजगंज थाना क्षेत्र के सोनदाहा गांव में जमीन विवाद ने खूनी रंग ले लिया। दो गुटों की भिड़ंत में विनय कुमार महतो (25) के सीने में तीर उतर आया, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से जख्मी हो गए। पीड़ितों को रिम्स भेजा गया है।
कैसे भड़का खूनी विवाद?
दोनों पक्ष लंबे समय से विवादित जमीन पर अपना दावा ठोंक रहे थे। रविवार को एक पक्ष ने खेतीबाड़ी शुरू कर दी, तो दूसरे पक्ष ने रोकने की कोशिश की। बात बिगड़ी तो लाठियां, पत्थर और आखिरकार तीर चलने लगे। विनय के सीने पर लगा तीर उन्हें प्राणघातक चोट दे गया। शंभु महतो (शक्ति चौक), अरुण कुमार महतो (सोनदाहा), जयराम महतो और मोहन महतो भी गंभीर रूप से घायल हैं। शंभु व अरुण के सिर फट गए।
घायल विनय को रिम्स रेफर किया
परिजनों ने सबसे पहले राजगंज के निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद राजगंज पुलिस ने सभी को एसएनएमसीएच भेजा, जहां से विनय को रिम्स रेफर कर दिया गया। घायल जयराम महतो (सहदेव महतो के पुत्र) ने सुरेंद्र हेंब्रम, धीरेंद्र हेंब्रम और उनके परिजनों पर मारपीट कर जमीन कब्जाने का आरोप लगाया। पुलिस घायलों व परिजनों से पूछताछ कर रही है।
पुलिस अधिकारी का बयान
थानेदार अलिशा कुमारी ने बताया, “जमीन विवाद से मारपीट हुई। सभी घायलों को इलाज के लिए भेजा गया है, जांच जारी है।”ग्रामीण इलाकों में जमीन विवादों का यह खूनी रूप चिंता बढ़ा रहा है।
(धनबाद से कुंदन सिंह की रिपोर्ट)



