
Image Source : INSTA/@GEETA’S COOKING
नाश्ते में ब्रेड खाने से अच्छा है कि आप आटे से बने पराठे ही खा लें। ज्यादातर लोग ब्रेकफास्ट में आलू, पनीर, प्याज या गोभी मूली के पराठे बनाकर खाते हैं। लेकिन क्या आपने कभी पाव भाजी का पराठा खाया है। जी हां इस पाव भाजी पराठा में पाव नहीं होंगे बल्कि उसकी जगह पराठा होगा। आपको इस पराठे को खाने में पाव भाजी वाला स्वाद मिलेगा। इसे बनाना बेहद आसान है और बच्चे तो इस पराठे के दीवाने हो जाएंगे। तो चलिए फटाफट नोट कर लीजिए पाव भाजी पराठा की रेसिपी।
पाव भाजी पराठा रेसिपी
पहला स्टेप- पराठे की स्टफिंग के लिए सारी सीजनल सब्जियां ले लें। जिसमें गाजर, शिमला मिर्च, प्याज, लहसुन, फूल गोभी, बीन्स या कोई भी दूसरी सब्जी लें और उन्हें ग्राइंडर में डालकर बारीक चॉप कर लें। इसके लिए 1-2 आलू उबालकर अलग रख लें।
दूसरा स्टेप- अब एक पैन में बटर डालें और उसमें सारी चॉप की गई सब्जियां डाल दें। ऊपर से नमक और पाव भाजी मसाला डाल दें। आप इसमें स्वादानुसार दूसरे मसाले भी मिला सकते हैं। अब इसमें ऊबला हुआ आलू मैश करके मिला दें। आलू और सब्जी को 5 मिनट के लिए पकाएं और ऊपर से नींब का रस और हरा धनिया डाल दें।
तीसरा स्टेप- गेहूं के आटे को नरम गूंथ लें और उससे एक मीडियम साइज की लोई लें। अब तैयार की गई स्टफिंग में से 2-3 चम्मच स्टफिंग अच्छी तरह से भर दें। पराठे को हल्के हाथों से बेलकर बड़ा करें और तवे पर डालकर दोनों तरफ से अच्छी तरह सेंक लें। पराठे के ऊपर बटर लगाकर गर्मागरम सर्व करें।
तैयार हैं एकदम करारे और खाने में स्वादिष्ट पाव भाजी पराठे। इन पराठों में आपको वही पाव भाजी वाला स्वाद मिलेगा। बच्चों को सब्जी खिलाने की भी ये अच्छा तरीका है। आप इसे कभी भी बनाकर खा सकते हैं। घर आए मेहमानों को भी ये पराठा बनाकर जरूर खिलाएं। बच्चों को टिफिन में भी ये पराठा बनाकर दे सकते हैं।



