
Palash Muchhal Fraud Case: म्यूजिक कंपोजर और सिंगर पलाश मुच्छल एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह म्यूजिक या पर्सनल लाइफ नहीं, बल्कि धोखाधड़ी है. न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, महाराष्ट्र के सांगली जिले में पलाश के खिलाफ 40 लाख रुपये की कथित ठगी की शिकायत दर्ज कराई गई है. पुलिस ने पुष्टि की है कि इस मामले में शुरुआती जांच शुरू कर दी गई है और शिकायत में लगाए गए आरोपों की सच्चाई को परखा जा रहा है.
ये शिकायत 34 साल के एक्टर और प्रोड्यूसर विद्न्यान माने ने दर्ज कराई है. उन्होंने सांगली के पुलिस सुपरिटेंडेंट से संपर्क कर पलाश मुच्छल के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल इस शिकायत की जांच की जा रही है. शुरुआत में सभी फैक्ट्स और सबूतों को देखा जा रहा है, जिसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई पर फैसला लिया जाएगा. शिकायत के मुताबिक, विद्न्यान माने की पहली मुलाकात 5 दिसंबर 2023 को सांगली में पलाश मुच्छल से हुई थी.
जांच में जुटी मुंबई पुलिस
इस मुलाकात के दौरान पलाश ने फिल्म प्रोडक्शन में निवेश करने की इच्छा जताई थी. विद्न्यान का आरोप है कि पलाश ने अपनी आने वाली फिल्म ‘नजरया’ के लिए उन्हें प्रोड्यूसर के तौर पर निवेश करने का ऑफर दिया और बड़े मुनाफे का लालच भी दिया. विद्न्यान का दावा है कि पलाश ने कहा था कि अगर वे 25 लाख रुपये इंवेस्ट करते हैं तो फिल्म के ओटीटी पर रिलीज होने के बाद उन्हें 12 लाख रुपये का मुनाफा मिलेगा. इसके साथ ही उन्हें फिल्म में एक किरदार देने का वादा भी किया गया था.
पलाश पर लगा 40 लाख की ठगी का आरोप
शिकायत में ये भी कहा गया है कि दोनों की कई बार मुलाकातें हुईं और दिसंबर 2023 से मार्च 2025 के बीच विद्न्यान ने कुल 40 लाख रुपये पलाश को दिए. हालांकि, आरोप है कि ये फिल्म कभी पूरी ही नहीं हुई. जब विद्न्यान ने अपने पैसे वापस मांगे तो पलाश की तरफ से कोई जवाब नहीं मिला. इसके बाद मजबूर होकर उन्होंने पुलिस का दरवाजा खटखटाया. पुलिस का कहना है कि फिलहाल ये एक शुरुआती जांच है और सभी दावों की पुष्टि की जा रही है. इस मामले पर पलाश मुच्छल की ओर से अभी तक कोई बयान नहीं आया है.
पिछले साल ही कैंसिल हुई शादी
ये विवाद ऐसे समय सामने आया है जब कुछ हफ्ते पहले ही पलाश अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर खबरों में थे. उनकी शादी भारतीय क्रिकेटर स्मृति मंधाना से होने वाली थी, जो बाद में कैंसिल हो गई. इस पर पलाश ने बयान जारी कर कहा था, ‘मैंने अपनी जिंदगी में आगे बढ़ने और अपने पर्सनल रिश्ते से दूरी बनाने का फैसला किया है. बिना पुख्ता जानकारी के फैली अफवाहें बहुत तकलीफ देती हैं’. पलाश ने लोगों से अपील की थी कि वे बिना सच्चाई जाने किसी को जज न करें.



