
Flight Travel Rules: हवाई यात्रा के दौरान हम अक्सर अपनी पसंदीदा चीजें या पूजा का सामान साथ ले जाना चाहते हैं। अक्सर भारतीय परिवारों में शुभ कार्यों के लिए सूखा नारियल (कोपरा) साथ रखने का चलन है। लेकिन यदि आप से यात्रा कर रहे हैं तो यह छोटा सा नारियल आपके लिए बड़ी मुसीबत खड़ा कर सकता है। इंटरनेशनल एयर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन (IATA) ने सूखे नारियल को Dangerous Goods यानी खतरनाक वस्तुओं की श्रेणी में रखा है।
क्यों इसे माना जाता है फ्लाइंग बम
सूखे नारियल को लेकर एयरपोर्ट पर इतनी सख्ती क्यों है इसके पीछे का कारण इसकी ज्वलनशील प्रकृति है। सूखे नारियल में तेल की मात्रा बहुत अधिक होती है। विमान के कार्गो होल्ड (जहां बैग रखे जाते हैं) में हवा का दबाव और तापमान लगातार बदलता रहता है। विज्ञान के अनुसार सूखे नारियल में स्वत: दहन (Spontaneous Combustion) की प्रवृत्ति होती है। इसका मतलब है कि यह बिना किसी बाहरी चिंगारी के केवल गर्मी और ऑक्सीजन के संपर्क में आकर खुद-ब-खुद सुलग सकता है।
सुरक्षा के लिए सबसे बड़ा खतरा
एविएशन एक्सपर्ट्स के मुताबिक अगर बड़ी मात्रा में एक साथ रखा हो तो यह सेल्फ-हीटिंग के जरिए आग पकड़ सकता है। विमान के कार्गो एरिया में लगी ऐसी आग को बुझाना नामुमकिन के बराबर होता है जो हवा में उड़ते विमान के लिए जानलेवा साबित हो सकती है। यही कारण है कि इसे न केवल केबिन बैगेज बल्कि चेक-इन बैगेज में भी ले जाना पूरी तरह वर्जित है।
सूखा नारियल (सौ. फ्रीपिक)
पानी वाले नारियल पर भी है पाबंदी
सिर्फ सूखा ही नहीं कच्चा या पानी वाला नारियल भी फ्लाइट में ले जाना प्रतिबंधित है। इसके दो मुख्य कारण हैं। पहला विमान में तरल पदार्थ ले जाने की एक निश्चित सीमा होती है। दूसरा नारियल की मोटी परत के अंदर मौजूद तरल पदार्थ को एक्स-रे स्कैनर पहचान नहीं पाते। सुरक्षा की दृष्टि से इसके अंदर विस्फोटक तरल पदार्थ होने का संदेह बना रहता है इसलिए सुरक्षा एजेंसियां इसे बोर्ड करने की अनुमति नहीं देतीं।
नियम तोड़ने पर हो सकती है कार्रवाई
यदि चेकिंग के दौरान आपके पास सूखा नारियल पाया जाता है तो न केवल उसे जब्त कर लिया जाएगा बल्कि सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के आरोप में यात्री पर भारी जुर्माना भी लगाया जा सकता है। कुछ गंभीर परिस्थितियों में यात्री को यात्रा से रोका जा सकता है या कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है। अतः अगली बार हवाई सफर पर निकलने से पहले अपने बैग से नारियल जरूर निकाल दें।



