
December IIP DATA: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 1 फरवरी दिन रविवार को केंद्रीय बजट पेश करेंगी. इसको लेकर आज यानी बुधवार से संसद में बजट सत्र की शुरुआत भी हो गई है. इस बीच बजट से पहले देश की अर्थव्यवस्था और इंडस्ट्रियल प्रोडक्शन को लेकर एक खुशखबरी सामने आई है. जी हां, भारत के इंडस्ट्रियल प्रोडक्शन ने पहले की तुलना में अधिक रफ्तार पकड़ ली है. दिसंबर 2025 के लेटेस्ट Index of Industrial Production (IIP) के आंकड़ों के अनुसार, बीते 26 महीने के टॉप पर IIP Growth पहुंच गई है.
दिसंबर 2025 में देश का औद्योगिक उत्पादन इंडेक्स (IIP) 7.8 फीसदी बढ़ा है और यह पिछले 26 महीने के शिखर पर पहुंच गया है. जानकारी के अनुसार, दिसंबर में IIP (इंडस्ट्रियल ग्रोथ) 7.8% रहा. दिसंबर IIP ग्रोथ 3.7% से बढ़कर 7.8% (YoY) रहा है और यह ग्रोथ 26 महीनों के ऊपरी स्तर पर है.
क्या कहते हैं आंकड़ें?
आंकड़ों के मुताबिक, दिसंबर 2025 के महीने के लिए आईआईपी की वृद्धि दर 7.8 प्रतिशत है, जो नवंबर 2025 के महीने में 6.7 प्रतिशत थी. वहीं, दिसंबर 2025 के महीने के लिए माइनिंग, मैन्युफैक्चरिंग और बिजली, इन तीनों क्षेत्रों की विकास दर क्रमशः 6.8 प्रतिशत, 8.1 प्रतिशत और 6.3 प्रतिशत है. आंकड़ों के अनुसार, मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में, सबसे अधिक वृद्धि दर्ज करने वाले उद्योग “कंप्यूटर, इलेक्ट्रॉनिक और ऑप्टिकल उत्पाद (34.9%) रहे हैं. इनके बाद “मोटर वाहन, ट्रेलर और सेमी-ट्रेलर (33.5%) और अन्य परिवहन उपकरण (25.1%)” हैं.
एक नजर में आंकड़ें
Apr-Dec में IIP ग्रोथ 4.1% से घटकर 3.9% (YoY)
माइनिंग ग्रोथ 2.7% से बढ़कर 6.8% (YoY)
मैन्युफैक्चरिंग ग्रोथ 3.7% से बढ़कर 8.1% (YoY)
इलेक्ट्रिसिटी ग्रोथ 6.2% से बढ़कर 6.3% (YoY)
प्राइमरी गुड्स आउटपुट 3.8% से बढ़कर 4.4% (YoY)
कैपिटल गुड्स ग्रोथ 10.5% से घटकर 8.1% (YoY)
इंटरमीडिएट गुड्स आउटपुट 6.4% से बढ़कर 7.5% (YoY)
इंफ्रा गुड्स आउटपुट ग्रोथ 8.4% से बढ़कर 12.1% (YoY)
कंज्यूमर ड्यूरेबल आउटपुट 8.1% से बढ़कर 12.3% (YoY)
कंज्यूमर नॉन ड्यूरेबल आउटपुट -7.1% से बढ़कर 8.3% (YoY)
IIP ग्रोथ 7.2% (REVISED) से बढ़कर 7.8% (MoM)
औद्योगिक उत्पादन सूचकांक
मालूम हो कि औद्योगिक उत्पादन सूचकांक (IIP) का क्विक अनुमान प्रत्येक माह की 28 तारीख को जारी किया जाता है. अगर 28 तारीख को छुट्टी हो तो अगले वर्किंग डे में इसे जारी किया जाता है. यह इंडेक्स स्रोत एजेंसियों से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर इकट्ठा किया जाता है, जो बदले में उत्पादक कारखानों/प्रतिष्ठानों से आंकड़े प्राप्त करती हैं. आईआईपी की संशोधन नीति के अनुसार, इन त्वरित अनुमानों को बाद के प्रकाशनों में संशोधित किया जाएगा. जानकारी के अनुसार, वहीं, जनवरी 2026 के लिए इंडेक्स सोमवार, 2 मार्च 2026 को जारी किया जाएगा.
मोदी सरकार की ओर से वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के द्वारा एक फरवरी दिन रविवार को केंद्रीय बजट पेश किया जाएगा. इस बीच आज बजट सत्र की शुरुआत राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के अभिभाषण से हो गई है.उन्होंने 28 जनवरी को संसद के दोनों सदनों यानी कि राज्यसभा और लोकसभा के सदस्यों को संबोधित करके बजट सत्र की शुरुआत कर दी है. बजट से पहले 29 जनवरी को देश का इकोनॉमिक सर्वे पेश किया जाएगा. वित्त मंत्री सीतारमण इसे संसद में पेश करेंगी.


