Please assign a menu to the primary menu location under menu

IndiaTrending

बदले की आग में 10 साल से धधक रहा था युवक, मौका मिलते ही युवक का गला काटा, चाकू से किए कई वार

मृतक की फाइल फोटो और जांच करती पुलिस
Image Source : REPORTER

बिहार के शिवहर जिले के तरियानी छपरा थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर 35 वर्षीय युवक की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने मुजफ्फरपुर-शिवहर सीमा पर स्थित एक गेहूं के खेत से शव बरामद किया है। मृतक की पहचान गंगा धरमपुर वार्ड नंबर 6 निवासी किशोरी राय के पुत्र विनोद राय के रूप में हुई है। 

बदले की आग में धधक रहा था शख्स

परिजनों के अनुसार, वर्ष 2017 में मृतक विनोद राय ने अपने खेत में सिंचाई के लिए बिजली का तार बिछाया था, जिसकी चपेट में आकर आरोपी अरुण कुमार के पिता की मौत हो गई थी। इसी घटना को लेकर दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। मृतक के भाई सुबोध कुमार ने आरोप लगाया कि अरुण कुमार लगातार विनोद को जान से मारने की धमकी भी देता था। अरुण कुमार कथित तौर पर विनोद को बहला-फुसलाकर पड़ोसी जिला मुजफ्फरपुर के गंगटी बाजार ले गया। वहां दोनों ने नशा किया।

चाकू से कई वार किया

आरोप है कि देर रात गांव के समीप सरेह में ले जाकर विनोद पर चाकू से आधा दर्जन वार किए गए। शव पर कई जख्म के निशान पाए गए हैं। इसके बाद गला काटकर हत्या कर दी गई और शव को खेत में फेंक दिया गया और अपनी बहन के घर गिद्दा फुलवरिया भाग गया। घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ सुशील कुमार तरियानी छपरा थानाध्यक्ष रंजीत कुमार गुप्ता सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। 

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सीतामढ़ी जिले के गिद्दा फुलवरिया गांव से आरोपी अरुण कुमार और उसकी बहन पूनिया देवी उर्फ पुनीता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। मृतक की पत्नी संजना देवी और पिता किशोरी राय सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और विधि-सम्मत कार्रवाई की बात कही है।

रिपोर्ट- समीर कुमार झा, शिवहर

hi.quicksamachar@gmail.com

Leave a Reply