
Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE
सोनभद्र जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां भरोसे और रिश्तों के नाम पर एक प्रॉपर्टी डीलर को मौत के घाट उतार दिया गया। आरोप है कि महिला मित्र ने अपने पति और भांजे के साथ मिलकर इस खौफनाक साजिश को अंजाम दिया। हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए आरोपियों ने मृतक की ही कार का इस्तेमाल किया और मिर्जापुर के सिरसी डैम के पास गहरी खाई में फेंक दिया। ड्राइवर को धमकाकर चुप रहने को कहा गया, लेकिन उसी के जरिए पूरे मामले का पर्दाफाश हुआ। फिलहाल पुलिस ने शव बरामद कर लिया है और अब इस साजिश की परतें खुल रही हैं।
खाना खिलाने के बाद घर में ले गई महिला
पूरा मामला घोरावल क्षेत्र के पेढ़ उर्फ नौगढ़वा गांव का बताया जा रहा है। इस वारदात में चंदौली के धानापुर इलाके के रहने वाले 50 वर्षीय प्रॉपर्टी डीलर कुंवर मौर्य की हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि कुंवर मौर्य का गांव में रहने वाली महिला लीलावती के घर आना-जाना था। 22 मार्च की शाम वह अपने ड्राइवर रोहित रमन के साथ वहां पहुंचा और खाना खाने के बाद कमरे में चला गया, जबकि ड्राइवर गाड़ी में ही सो गया। देर रात महिला ने ड्राइवर को जगाकर बताया कि उसके मालिक की हत्या हो चुकी है। महिला, उसका पति साहबलाल और भांजा चंद्रशेखर उर्फ मखंचू ने मिलकर शव को कार की डिक्की में रखवा दिया।
उसी की गाड़ी से शव को खाई में फिंकवाया
इसके बाद आरोपियों ने ड्राइवर को धमकाते हुए मिर्जापुर के सिरसी डैम तक ले जाकर शव को पत्थर से बांधकर खाई में फेंक दिया और उसे चुप रहने की चेतावनी दी। डरे हुए ड्राइवर ने बाद में परिजनों को पूरी घटना बता दी, जिससे मामला खुल गया। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने महिला सहित तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और सिरसी डैम से शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस हत्या की असली वजह और साजिश के हर पहलू की जांच में जुटी है। (इनपुट- परमेश्वर दयाल)
कोलकाता में भयंकर आंधी-तूफान, दो घंटे तक लैंड नहीं कर सका अमित शाह का विमान
थप्पड़ के बदले बच्ची की हत्या करने वाला आरोपी एनकाउंटर में ढेर, आटे के ड्रम में मिला था मासूम का शव



