
Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE
प्रयागराज: शहर के गंगानगर इलाके में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां के गंगानगर इलाके में एक महिला ने अपने पांच साल के मासूम बच्चे की हत्या कर दी। महिला ने बच्चे का सिर कुचलकर उसकी हत्या कर दी। उसने फर्श के टुकड़े से हमला करके बच्चे को मौत के घाट उतार दिया। जानकारी के मुताबिक महिला का उसके पति के साथ विवाद हो गया था, जिसके बाद महिला ने गुस्से में इस घटना को अंजाम दिया। बच्चे की हत्या करने के बाद मां ने उसके शव को रसोई घर में छिपा दिया था। फिलहाल पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
पति से विवाद के बाद की हत्या
पुलिस के मुताबिक, बुधवार रात सराय ममरेज थाना क्षेत्र के पिलखनी गांव की रहने वाली मनोरमा यादव का अपने पति संतोष यादव से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। पति से विवाद होने के बाद मनोरमा ने अपने पांच माह के बेटे के सिर पर कथित रूप से फर्श के टुकड़े से वार कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस उपायुक्त (गंगानगर) कुलदीप गुनावत ने बताया कि आरोपी महिला ने बच्चे की हत्या के बाद शव को रसोई में छिपा दिया था। उन्होंने बताया कि पुलिस ने गुरुवार को आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया और उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल फर्श का टुकड़ा भी बरामद कर लिया है।
सागर में दर्दनाक हादसा
ऐसा ही एक मामला मध्य प्रदेश के सागर जिले से भी सामने आया है। यहां दो दिन में दो बड़ी घटनाएं सामने आई हैं। सोमवार को सागर जिले के हिन्नोद गांव में एक महिला ने अपनी 5 साल की बेटी के साथ कुएं में कूद कर आत्महत्या कर ली। वहीं दूसरी घटना सागर जिले के केसली थाना अंतर्गत टड़ा चौकी क्षेत्र के खमरिया गांव की हैं, जहां एक महिला ने अपनी चार बेटियों को कुएं में फेंककर खुदकुशी कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही केसली थाना और टड़ा चौकी की पुलिस टीम बल के साथ मौके पर पहुंची। घटना के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है।



