
मुजफ्फरनगर। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के हाट मिक्स प्लांट पर ट्रक चालक के रूप में कार्य करने वाले प्रतापगढ़ जिले के युवक ने अपने ऊपर डीजल छिड़क कर आग लगा ली। अस्पताल में उसकी मौत हो गई। युवक ने यह कदम क्यों उठाया ? पुलिस पता लगाने का प्रयास कर रही है।
यह घटना मंगलवार रात लगभग दस बजे की है। जनपद प्रतापगढ़ के ब्लाक कुंडा के गांव मिरिया निवासी 29 वर्षीय राजकुमार सोनकर पुत्र रोशनलाल यहां मसूरपुर थाना क्षेत्र में बेगराजपुर-जड़ौदा मार्ग पर एनएचएआइ के हाट-मिक्स प्लांट पर निर्माण सामग्री व मशीनरी की ढुलाई के लिए ट्रक चालक के रूप में कार्यरत था।
प्लांट पर ही कमरे के बाहर उसने अपने ऊपर लाइट डीजल आयल (एलडीओ) छिड़क लिया और आग लगा ली। आग लगते ही धुआं उठता देख प्लांट में मौजूद कर्मचारी मौके पर पहुंचे। डस्ट व मिट्टी डालकर तथा कपड़े से आग को बुझाया।
इसके बाद राजकुमार को बेगराजपुर स्थित मेडिकल कालेज के अस्पताल ले जाया गया। यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने युवक के स्वजन को सूचना दे दी। छोटे भाई आकाश ने बताया कि राजकुमार पांच भाइयों में तीसरे नंबर का था। उसकी आगामी 20 फरवरी को शादी तय थी।
उसने खुद को आग क्यों लगाई? इसका कारण स्पष्ट नहीं हो सका। मंसूरपुर थानाध्यक्ष आनंद देव मिश्र ने बताया कि स्वजन के आने पर शव पोस्टमार्टम हाउस भिजवा दिया था। मामले में जांच की जा रही है। युवक यहां लगभग एक साल से ट्रक चालक था।
मेरठ-करनाल हाईवे पर हादसे में युवक की मौत
उधर, कस्बा खतौली निवासी गौरव पुत्र विनोद कुमार मंगलवार शाम घर से बाइक पर शामली जा रहा था। क्षेत्र गांव गढ़ी सखावतपुर के निकट मेरठ करनाल हाईवे पर एचपी पेट्रोल पंप के सामने शामली की ओर से आ रहे बाइक से गौरव की बाइक की भिड़ंत हो गई। जिसमें गौरव उछलकर डिवाइडर से टकरा गया।
गौरव को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के पिता ने अज्ञात के विरुद्ध तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम कराने के लिए भेज दिया है। युवक ने हेलमेट लगाया हुआ था।



