Please assign a menu to the primary menu location under menu

IndiaTrending

युवक ने गर्लफ्रेंड पर ब्लेड और चाकुओं से किया हमला, फिर खुद की गर्दन काट ली

युवक ने गर्लफ्रेंड पर ब्लेड और चाकुओं से किया हमला
Image Source : REPORTER

कानपुर जिले के बिल्हौर थानाक्षेत्र में शनिवार को प्रेम संबंधों से जुड़ी एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। आरोप है कि यहां एक युवक ने अपनी पूर्व प्रेमिका पर ब्लेड और चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया। इसके बाद गुस्से और निराशा में खुद की गर्दन और कलाई पर वार करके लहूलुहान हो गया। घटना इतनी भयावह थी कि शोर सुनकर पड़ोसी और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को तुरंत इस मामले की सूचना दी।

बात नहीं मानी तो किया हमला

पुलिस के अनुसार, यह घटना बिल्हौर थाना क्षेत्र के एक गांव में हुई। युवक का नाम अरविंद दिवाकर बताया जा रहा है, जो इसी इलाके का निवासी है। उसने प्रेमिका के घर में घुसकर दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और बातचीत के लिए दबाव बनाना शुरू कर दिया। जब युवती ने मना किया और बात करने से इनकार किया, तो अरविंद ने साथ लाए ब्लेड और चाकू से उसके गले और हाथ पर कई वार कर दिए। हमले से युवती बुरी तरह घायल हो गई। इसके बाद अरविंद ने खुद को भी गंभीर रूप से घायल कर लिया, अपनी गर्दन और कलाई पर ब्लेड से काट लिया।

दोनों का चल रहा है इलाज

इस घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह दरवाजा खुलवाकर दोनों को बाहर निकाला। दोनों को तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उनकी हालत देखते हुए उन्हें कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर कर दिया, जहां दोनों का इलाज जारी है। पुलिस ने बताया कि दोनों की हालत अब स्थिर है और वे फ़िलहाल खतरे से बाहर हैं।

युवक अरविंद ने अस्पताल में पुलिस को बताया कि वह पिछले 7 साल से इस लड़की से प्यार करता था। दोनों कक्षा 3 से कक्षा 10 तक साथ पढ़े थे और अच्छी दोस्ती थी। लेकिन पिछले 3-4 महीनों से लड़की उससे बात नहीं कर रही थी और किसी दूसरे युवक से संपर्क में थी। अरविंद का दावा है कि उसने कई बार मनाने की कोशिश की, लेकिन लड़की नहीं मानी। शनिवार को वह आखिरी बार बात करने के इरादे से उसके घर पहुंचा था। बातचीत के दौरान लड़की ने उसे धमकी दी कि उसके फोन में मौजूद उनकी पुरानी तस्वीरें हटा दो, जिससे गुस्सा आ गया और उसने ब्लेड से हमला कर दिया। उसके बाद खुद को भी घायल कर लिया।

घर के अंदर बंद कर करना चाह रहा था बात

दूसरी ओर, पीड़िता ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि अरविंद लगातार बात करने और मिलने का दबाव बना रहा था। उसने मना करने पर भी नहीं सुना। शनिवार को वह कानपुर जाने के लिए कपड़े लेने अपने दूसरे घर गई थी। चचेरी बहन के साथ गई थी, लेकिन जैसे ही दरवाजा खोला, अरविंद पीछे से आ गया, धक्का देकर कमरे में ले गया और दरवाजा बंद कर दिया। जब उसने बात करने से मना किया, तो अरविंद ने ब्लेड और चाकू से हमला कर दिया। लड़की ने बताया कि उनकी पुरानी दोस्ती थी, लेकिन हाल के दिनों में उसने बातचीत बंद कर दी थी।

पुलिस ने मौके से तीन ब्लेड और एक चाकू बरामद किया है। एसीपी मंजय सिंह ने बताया कि युवक ने धारदार हथियार से लड़की पर हमला किया और फिर खुद को घायल किया। मामला एकतरफा प्रेम और जुनून का प्रतीत हो रहा है। दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और पूरी घटना की गहन जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

कानपुर से अनुराग श्रीवास्तव की रिपोर्ट

hi.quicksamachar@gmail.com

Leave a Reply