
Image Source : FREEPIK/ YOUTUBE – @SHOWSHA
आजकल की बदलती जीवनशैली, खराब खानपान और एक्सरसाइज़ की कमी की वजह से लोगों को हड्डियों से जुड़ी बीमारियों का सामना करना पड़ता है। खासकर, 30 की उम्र के बाद हड्डियों का घनत्व कम होने लगता है और टूटने की प्रक्रिया तेज हो जाती है, जिससे कमजोरी, ऑस्टियोपोरोसिस, और जोड़ों के दर्द का खतरा बढ़ता है। ऐसे में अपने कमजोर हड्डियों को मजबूत करने के लिए अपनी डाइट में कैल्शियम और विटामिन डी को शामिल करें। साथ ही कुछ घरेलू नुस्खे भी आज़मा सकते हैं।
हड्डियों के लिए मेथी का बीज भी बेहद फायदेमंद माना जाता है। यह कैल्शियम, फास्फोरस और आयरन से भरपूर होते हैं, जो हड्डियों को मजबूत बनाने, जोड़ों के दर्द को कम करने और सूजन में आराम देने में मदद करते हैं। नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ के अनुसार, मेथी हड्डियों के स्वास्थ्य के लिए एक प्रभावी उपाय है, यह हड्डियों के पुनर्गठन को सुधारकर फ्रैक्चर ठीक करने की प्रक्रिया को तेज करती है।चलिए जानते हैं मेथी हड्डियों के लिए कैसे फायदेमंद है और इसका इस्तेमाल कैसे करें?
हड्डियों के लिए मेथी के फायदे:
-
हड्डियों की मजबूती: मेथी में भरपूर मात्रा में कैल्शियम, फास्फोरस और मैग्नीशियम जैसे खनिज पाए जाते हैं, जो ऑस्टियोपोरोसिस (कमजोर बोन) की समस्या को कम करने में मदद करते हैं। इसके एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण जोड़ों को स्वस्थ रखने और फ्रैक्चर की रिकवरी में भी सहायक हो सकते हैं।
-
जोड़ों के दर्द में राहत: मेथी के बीज अपने शक्तिशाली एंटी-इंफ्लेमेटरी और एंटीऑक्सीडेंट गुणों के कारण गठिया, जोड़ों के दर्द और सूजन को कम करने में बेहद मददगार हैं। ये बीज जोड़ों में होने वाली जलन और अकड़न को कम करते हैं और जोड़ों के स्वास्थ्य को सुधारने में सहायक हैं। इसमें मौजूद पोषक तत्व हड्डियों के घनत्व को बढ़ाने में सहायक होते हैं, जिससे फ्रैक्चर का खतरा कम होता है।
क्या है सेवन का सही तरीका?
-
मेथी ड्रिंक: रात में एक चम्मच मेथी दानों को एक गिलास पानी में भिगो दें और सुबह खाली पेट पानी के साथ या पानी छानकर दानों का सेवन करें।
-
मेथी पाउडर: मेथी के दानों को भूनकर और पीसकर पाउडर बना लें, इसे गुनगुने पानी के साथ ले सकते हैं।
डिस्क्लेमर: इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है



