
Honey Singh Controversy: हनी सिंह अपने बयानों की वजह से हमेशा विवादों में रहते हैं. हाल ही में सिंगर ने ठंड को लेकर ऐसा बयान दिया कि बवाल ही मच गया. इस बयान के वायरल होते ही सोशल मीडिया पर लोग उन्हें ट्रोल कर रहे हैं. यहां तक कि अयोध्या के साधु-संतों ने हनी सिंह के बयान पर आपत्ति जताते हुए उन्हें समाज के लिए कलंक बताया.
सारी मर्यादा लांघ दी
अयोध्या से सीताराम दास महंत ने बताया कि ‘जिस तरह से दिल्ली की ठंड को लेकर हनी सिंह ने बयान दिया है, उसकी जितनी निंदा की जाए कम है. उनका बयान आपत्तिजनक और निंदनीय है. सिंगर ने अपने शो के दौरान जो दिल्ली के लोगों की भावना को आहत किया है, उन्हें तत्काल सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए. गायक का काम अच्छे गीत गाने से होता है, लेकिन हनी सिंह तो सारी मर्यादा की लांघ रहे हैं, वे अश्लीलता फैला रहे हैं जो कि बर्दाश्त से बाहर है. वो समाज के लिए कलंक हैं.’
माफी मांगो
आगे कहा- ‘जिस वक्त वे मंच से घटिया बयान दे रहे थे, तभी लोगों को मंच पर ही उन्हें सबक सिखाना चाहिए था. वे मशहूर सिंगर तो हैं, लेकिन ज्ञान नहीं है. ये लोग सस्ती लोकप्रियता और पैसे के लिए समाज को गर्त में धकेल सकते हैं. माताओं-बहनों के लिए जो शब्द उन्होंने निकाले, वह पूरी तरह निंदनीय है. उन्हें दिल्ली के समाज से माफी मांगनी चाहिए.’
गंदा संदेश दे रहे
महामंडलेश्वर विष्णु दास ने कहा कि ‘हनी सिंह एक सिंगर हैं, लेकिन वे अपमानजनक और अश्लील भाषा का इस्तेमाल करते हैं. उनकी यह मानसिकता समाज में गंदा संदेश भेज रही है. ऐसे लोगों को धार्मिक बातें करनी चाहिए, लेकिन वे अश्लीलता की बात करते हैं. मौसम तो कुदरत की देन है. ठंड को लेकर ऐसे बयान देना उचित नहीं है. हनी सिंह के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए.’
क्या कहा था हनी सिंह ने?
दरअसल, हनी सिंह ने एक कॉन्सर्ट में दिल्ली की ठंड को लेकर ऐसा बयान दिया था कि वो लोगों के निशाने पर आ गए. उनका सोशल मीडिया पर वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में हनी सिंह कहते नजर आ रहे हैं- ‘दिल्ली में बहुत ठंड हैं तो गाड़ी में करो.गाड़ी में मजा आता है वो भी इतनी ठंड में.गाड़ी में सेक्स करो.यूज कंडोम गाइज. प्लीज. प्ले सेफ’.’ सिंगर के इसी बयान पर बवाल मचा हुआ है.



