
Bangladesh Cricket Board: बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने सुरक्षा चिंताओं के चलते 2026 टी20 विश्व कप के मैच भारत में न खेलने के अपने रुख पर कायम रहने की बात कही है. आईसीसी के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के बाद मंगलवार को बीसीबी ने एक बयान जारी कर बांग्लादेश के मैचों को भारत से बाहर आयोजित करने के अपने अनुरोध को दोहराया. बता दें कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 के आगाज होने में अब एक महीने से भी कम समय है. हालांकि, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड अपनी जिद्द पर अड़ा है, जिसकी वजह से मेगा इवेंट से पहले बवाल मचा हुआ है. आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज 7 फरवरी से होगा, जिसकी मेजबानी भारत और श्रीलंका को मिली है.
अपनी जिद्द पर अड़ा है बांग्लादेश
T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए आईसीसी ने जो शेड्यूल जारी किया है, उसके अनुसार बांग्लादेश के पहले तीन मैच कोलकाता में और अंतिम ग्रुप मैच मुंबई में खेले जाने का कार्यक्रम है. हालांकि, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड इस जिद्द पर अड़ा है कि उसके सभी मुकाबले श्रीलंका में शिफ्ट कर दिए जाए, जिसपर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) राजी नहीं है.
BCB ने मंगलवार को आईसीसी के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए मीटिंग के बाद एक बयान जारी कर कहा, ”चर्चा के दौरान, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए भारत की यात्रा न करने के अपने निर्णय की पुष्टि की. बोर्ड ने आईसीसी से बांग्लादेश के मैचों को भारत से बाहर स्थानांतरित करने पर विचार करने के अपने अनुरोध को भी दोहराया.”
मामले में क्या है ICC का रुख?
आईसीसी ने इस बात पर जोर दिया कि टूर्नामेंट का कार्यक्रम पहले ही घोषित किया जा चुका है और बीसीबी से अपने रुख पर पुनर्विचार करने का अनुरोध किया, लेकिन बोर्ड का रुख अपरिवर्तित रहा. दोनों पक्षों ने संभावित समाधानों पर चर्चा जारी रखने पर सहमति जताई. बीसीबी अपने खिलाड़ियों, अधिकारियों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है और इस मामले को सुलझाने के लिए आईसीसी के साथ रचनात्मक रूप से बातचीत कर रही है.



