
Haryana Police Action Tateeree Song: हरियाणा पुलिस ने रैपर बादशाह के विवादित गाने ‘टटीरी’ के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तेज कर दी है। पंचकूला पुलिस के मुताबिक अब तक इस गीत से जुड़े कुल 857 लिंक हटाए जा चुके हैं। इनमें 154 यूट्यूब वीडियो और 703 इंस्टाग्राम रील्स शामिल हैं।
हरियाणा पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को भेजा नोटिस
पुलिस ने विभिन्न को नोटिस जारी करते हुए निर्देश दिया है कि गाने के सभी वर्जन जैसे री-अपलोड, शॉर्ट वीडियो और अन्य फॉर्मेट को तुरंत हटाया जाए। यह कदम उन कंटेंट के खिलाफ उठाया गया है, जिनमें महिलाओं और नाबालिगों के प्रति अश्लील और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया।
हरियाणा पुलिस ने साफ कहा है कि राज्य में महिलाओं और नाबालिगों की गरिमा के खिलाफ किसी भी प्रकार के कंटेंट को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुलिस का बयान और जीरो टॉलरेंस नीति
पुलिस महानिदेशक Ajay Singhal ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में राज्य सरकार डिजिटल प्लेटफॉर्म्स को सुरक्षित और जिम्मेदार बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने जीरो टॉलरेंस नीति दोहराई और कहा कि ऐसे आपत्तिजनक कंटेंट के खिलाफ लगातार निगरानी और कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
सोशल मीडिया यूजर्स के लिए चेतावनी
आपको बता दें कि अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक और पंचकूला आयुक्त Shibas Kaviraj ने सोशल मीडिया यूजर्स को सख्त चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि अगर कोई व्यक्ति इस प्रतिबंधित के गाने पर रील, शॉर्ट वीडियो या अन्य कंटेंट बनाता या शेयर करता पाया गया, तो उसके खिलाफ तुरंत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे अकाउंट्स को ब्लॉक या प्रतिबंधित किया जा सकता है और बार-बार उल्लंघन करने वालों के खिलाफ गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जाएगा।
डिजिटल मॉनिटरिंग और जनता से अपील
पुलिस की टीम लगातार डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर मॉनिटरिंग कर रही है और गीत के प्रसार में शामिल अन्य व्यक्तियों और हैंडल्स की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई कर रही है। हरियाणा पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे ऐसे किसी भी कंटेंट को साझा न करें और इसकी जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
सिर्फ इतना ही नहीं, यह मामला साइबर थाना, सेक्टर-20, पंचकूला में दर्ज किया गया है। इस कदम से डिजिटल स्पेस को सुरक्षित और समाज के प्रति जिम्मेदार बनाने में मदद मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।



