
बुलंदशहर: उत्तर प्रदेश के जनपद बुलंदशहर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां प्रेम प्रसंग में अंधी हुई पत्नी ने पति की हत्या की खौफनाक साजिश रच डाली. दिल दहला देने वाला यह मामला थाना खुर्जा नगर कोतवाली क्षेत्र का है. यहां पुलिस ने नीरज हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा किया है.
दरअसल, पति से छुटकारा पाने और प्रेमी के साथ नई जिंदगी शुरू करने की चाहत में पत्नी दिव्या ने अपने प्रेमी पिंटू के साथ मिलकर इस जघन्य हत्या की पूरी योजना बनाई. योजना के तहत प्रेमी पिंटू ने नीरज से धीरे-धीरे नजदीकी बढ़ा ली और फिर को शराब पार्टी के बहाने बुलाया और जमकर शराब पिलाई. जब नीरज शराब के नशे में पूरी तरह बेसुध हो गया, तो उसे दिल्ली से खुर्जा क्षेत्र के सड़क किनारे एक खाली प्लॉट में ले गए. वहीं, ईंटों से कुचलकर नीरज की बेरहमी से हत्या कर दी गई. हत्या के बाद आरोपी फरार हो गए, लेकिन पुलिस की सतर्कता और जांच के बाद पूरे मामले से पर्दा उठ गया.
बताया जा रहा है कि हत्यारी पत्नी दिव्या दो बच्चों की मां है और करीब 17 साल पहले उसकी शादी नीरज से हुई थी. कुछ समय पहले ही दिव्या नीरज को लेकर दिल्ली आया था. यहीं साथ रह रहे थे. मगर, थोड़े समय बाद दिव्या की दोस्ती सोशल मीडिया पर एटा के रहने वाले पिंटू से हो गई. दोस्ती धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई और दोनों ने नीरज को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली. बीते 8 जनवरी को शराब पार्टी के बहाने नीरज को खुर्जा बुलाया गया और सुनियोजित तरीके से उसकी हत्या कर दी गई.
जांच पड़ताल के दौरान पुलिस को कई अहम सुराग मिले. इसके आधार पर हत्यारी पत्नी दिव्या और उसके प्रेमी पिंटू को गिरफ्तार कर लिया गया. फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है. थाना खुर्जा नगर कोतवाली पुलिस का कहना है कि मामले में सभी सबूत जुटा लिए गए हैं. आगे की विधिक कार्रवाई जारी है. इस सनसनीखेज हत्याकांड ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है. वहीं रिश्तों को शर्मसार करने वाली इस वारदात ने समाज को झकझोर कर रख दिया है. बुलंदशहर एसपी सिटी शंकर प्रसाद ने बताया की आज नीरज हत्याकांड का खुलासा किया गया है. मृतक नीरज की पत्नी दिव्या और उसके प्रेमी पिंटू ने मिलकर नीरज की हत्या की थी. फिलहाल पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. पूरे मामले की जांच पड़ताल की जा रही है.



