
Image Source : FREEPIK
हर कोई तेजी से वजन घटाना चाहता है। इसके लिए लोग जिम में पसीना बहाने से लेकर वॉक भी करते हैं। लेकिन कई लोग महीने भर में 5 किलो वजन कम करना चाहते हैं। ऐसे में वो जानना चाहते हैं कि इसके लिए “कितने स्टेप्स” रोजाना चलना चाहिए। एक दिन में कितने स्टेप्स चला जाए यह इस बात पर निर्भर करता है कि आप अपनी डाइट में क्या बदलाव कर रहे हैं और आपकी लाइफस्टाइल कैसी है। आमतौर पर, 1 किलो वजन कम करने के लिए लगभग 7,700 कैलोरी बर्न करनी होती है। इस हिसाब से 5 किलो के लिए आपको कुल 38,500 अतिरिक्त कैलोरी खर्च करनी होगी। चलिए जानते हैं रोजाना कितने स्टेप्स चलने से आप 5 किलो वजन कम कर सकते हैं और इसमें कितना समय लग सकता है।
स्टेप्स और वजन घटाने का गणित
अगर आप अपनी डाइट में कोई बदलाव नहीं करते हैं, तो केवल चलने से वजन घटाने के लिए आपको काफी मेहनत करनी होगी। 10,000 स्टेप्स चलने से लगभग 300 से 400 कैलोरी बर्न होती है। ऐसे में अगर आप 5 किलो वजन कम करना चाहते हैं और आप रोज 10,000 स्टेप्स चलते हैं, तो आपको 5 किलो वजन कम करने में लगभग 3 से 4 महीने लग सकते हैं। यदि आप रोजाना 12,000 से 15,000 स्टेप्स चलते हैं, तो आप थोड़ा पहले वजन कम सकते हैं।
इन बातों का ध्यान रखें
सिर्फ चलने से ज्यादा जरूरी है कि आप इसे कैसे करते हैं।
ब्रिस्क वॉकिंग: टहलने के बजाय “ब्रिस्क वॉकिंग” करें। इतनी तेज वॉक करें कि आपकी सांस थोड़ी फूले, लेकिन आप बात कर सकें। इससे कैलोरी ज्यादा बर्न होती है।
निरंतरता: एक दिन 20,000 स्टेप्स चलने से बेहतर है कि आप रोज 10,000 स्टेप्स चलें।
80/20 का नियम: वजन घटाने में 80% योगदान डाइट का और 20% एक्सरसाइज का होता है। अगर आप चलने के साथ-साथ चीनी और जंक फूड कम कर दें, तो 5 किलो वजन 1.5 से 2 महीने में भी कम हो सकता है।
डिस्क्लेमर: इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।



