
उत्तर प्रदेश में पिछले 48 घंटे के भीतर हुई बारिश और तूफान से कई जिलों में भारी तबाही देखने को मिली है. यूपी के 75 में से 56 जिलों में भारी बारिश देखने को मिली है. अब सरकार इस बारिश से पहुंचे नुकसान के आंकड़े जुटाने में लगी है. बारिश के चलते प्रशासन भी अलर्ट मोड़ में नजर आ रहा है, जो लोग बारिश के चलते फंस गए हैं उनको बाहर निकालना और राहत सामग्री पहुंचाने का काम भी चल रहा है. लगातार बारिश से भारत-नेपाल सीमा से सटे इलाके जलमग्न हैं. लखनऊ से लेकर गोरखपुर तक बारिश के कारण जलभराव की समस्या देखने को मिली.
कितने लोगों की हुई मौत?
देश के कई राज्यों में भारी बारिश ने जनजीवन को प्रभावित किया है. उत्तर प्रदेश में 48 घंटे के भीतर बारिश और तूफान से जुड़ी घटनाओं में 56 लोगों की मौत हो गई, जबकि 46 लोग घायल हुए हैं. इस दौरान 1,020 से अधिक मकानों को नुकसान पहुंचा और 107 पशुओं की भी जान चली गई. राज्य के 75 जिलों में से 56 जिलों में ज्यादा बारिश दर्ज की गई है. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। अधिकारियों के मुताबिक, नुकसान और हताहतों के आंकड़े जुटाने का काम अभी जारी है.
सीतापुर में बारिश और तूफान से संबंधित मौतों की संख्या सबसे अधिक सात रही, इसके बाद लखीमपुर खेरी, बहराइच और बलरामपुर में पांच-पांच मौतें दर्ज की गईं. राहत आयुक्त कार्यालय के अनुसार, अयोध्या और गोरखपुर में चार-चार मौतें हुईं. इसके अलावा जिन लोगों के घर टूट गए उनके लिए अधिकारी विकल्प के तौर पर घरों की व्यवस्था भी कर रहे हैं.
कितने मिलीमीटर दर्ज हुई बारिश?
उत्तर प्रदेश में 25 सितंबर की सुबह से 27 सितंबर की सुबह तक 48 घंटों के दौरान औसतन 97.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. इसके मुकाबले राज्य में बारिश का संचयी औसत महज 4.5 मिलीमीटर था. इस दौरान कई इलाकों में भारी बारिश और तूफान के कारण बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ.
किन जिलों में ज्यादा बारिश?
1. फर्रुखाबाद: सामान्य से 7,385 प्रतिशत अधिक बारिश
2. कन्नौज: सामान्य से 5,664 प्रतिशत अधिक बारिश
3. शाहजहांपुर: सामान्य से 4,408 प्रतिशत अधिक बारिश
4. हमीरपुर: सामान्य से 4,240 प्रतिशत अधिक बारिश
5. महोबा: सामान्य से 4,100 प्रतिशत अधिक बारिश