‘सपनों में सिद्धार्थ मुझे अपने पास बुलाता है…’, प्रेमी की मौत का ऐसा सदमा, प्रेमिका ने लगा ली फांसी​

‘सपनों में सिद्धार्थ मुझे अपने पास बुलाता है…’, प्रेमी की मौत का ऐसा सदमा, प्रेमिका ने लगा ली फांसी​

Telangana Crime News: तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले के शमशाबाद इलाके से एक बेहद भावुक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. शमशाबाद स्थित सिद्धार्थ कॉलोनी की रहने वाली नर्मदा नाम की युवती ने अपने प्रेमी की मौत के गम में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. जानकारी के अनुसार, नर्मदा निजामाबाद जिले के रहने वाले सिद्धार्थ नाम के युवक से काफी समय से प्यार करती थी. दोनों के परिवार उनकी शादी की तैयारियों में जुटे थे कि इसी बीच एक दर्दनाक सड़क हादसे में सिद्धार्थ की असमय मौत हो गई.

शादी के सपने संजो रही नर्मदा अपने मंगेतर की मौत के झटके को बर्दाश्त नहीं कर सकी और गंभीर मानसिक तनाव व अवसाद में चली गई. नर्मदा अक्सर अपने परिवार वालों और बहन के सामने अपना दुख व्यक्त करते हुए रोती रहती थी. वह अपने परिवार से कहती थी कि सिद्धार्थ के बिना इस दुनिया में जीना उसके लिए नामुमकिन है.

उसने अपनी बहन को यह भी बताया था कि सिद्धार्थ हर रात उसके सपनों में आता है और उसे अपने पास वापस आने के लिए पुकारता है. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। परिजन उसे समझाने और इस सदमे से बाहर निकालने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन उसका मानसिक तनाव कम नहीं हुआ.

घर में कोई नहीं था, पिता ने पुलिस को दी सूचना

घटना वाले दिन जब परिवार के सदस्य किसी काम से बाहर गए हुए थे, तब अकेलेपन का फायदा उठाकर नर्मदा ने कमरे में फांसी लगा ली. जब घर वाले वापस लौटे, तो बेटी को फंदे पर लटका देख उनके होश उड़ गए. मामले की सूचना तुरंत स्थानीय शमशाबाद आरजीआईए पुलिस स्टेशन को दी गई.

मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया है. पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. वहीं, इस दुखद घटना के बाद से सिद्धार्थ कॉलोनी और आसपास के इलाके में मातम का माहौल है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *