​​काले कुत्ते का आतंक: 24 घंटे के अंदर 35 लोगों को काटा… मचा हड़कंप

​​काले कुत्ते का आतंक: 24 घंटे के अंदर 35 लोगों को काटा… मचा हड़कंप
Featured Image

मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले से आवारा कुत्तों के हमले की एक बेहद हैरान करने वाली खबर सामने आई है। यहाँ एक काले रंग के कुत्ते ने अचानक राहगीरों और स्थानीय निवासियों पर हमला बोलना शुरू कर दिया। शनिवार से रविवार के बीच महज 24 घंटे के भीतर इस अकेले कुत्ते ने 35 लोगों को काटकर घायल कर दिया। कुत्ते के इस हमले में छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक शिकार बने हैं, जिसके बाद से पूरे इलाके के लोग सहमे हुए हैं।

मनियर से लेकर राजेश्वरी रोड तक मचाया बवाल

बताया जा रहा है कि कुत्ते ने सबसे पहले शहर के मनियर इलाके में लोगों को अपना निशाना बनाया। वहां कई लोगों को काटने के बाद वह तेजी से भागते हुए राजेश्वरी रोड और पुरानी शिवपुरी की तरफ निकल गया। रास्ते में जो भी सामने आया, कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। अचानक हुए इन हमलों की वजह से सड़कों पर अफरा-तफरी मच गई और लोग अपने घरों से बाहर निकलने में भी कतराने लगे।

नगर पालिका की टीम ने मशक्कत के बाद पकड़ा

जैसे ही एक के बाद एक डॉग बाइट की खबरें सामने आने लगी, स्थानीय प्रशासन और नगर पालिका हरकत में आया। कर्मचारियों की एक टीम तुरंत उन इलाकों की तरफ रवाना की गई जहाँ कुत्ता घूम रहा था। काफी देर तक पीछे भागने और घेराबंदी करने के बाद आखिरकार नगर पालिका टीम ने काले कुत्ते को काबू में कर लिया। कुत्ता पकड़े जाने के बाद ही स्थानीय लोगों ने थोड़ी राहत की सांस ली।

पहले भी हो चुकी हैं ऐसी वारदातें

शिवपुरी के लोगों का कहना है कि आवारा कुत्तों का इस तरह बेकाबू होना शहर के लिए कोई नई बात नहीं है। कुछ ही दिनों पहले एक अन्य आवारा कुत्ते ने करीब 100 लोगों को काटकर अस्पताल पहुंचा दिया था। अब एक बार फिर एक ही कुत्ते द्वारा 35 लोगों को घायल किए जाने से नगर निगम की व्यवस्थाओं और शहर में घूम रहे आवारा जानवरों को लेकर लोगों की चिंता काफी बढ़ गई है।

अस्पताल में कराया गया घायलों का इलाज

शिवपुरी के सिविल सर्जन डॉ. रामप्रताप चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि शनिवार और रविवार के बीच जिला अस्पताल में डॉग बाइट के कुल 35 मरीज पहुंचे थे। डॉक्टरों की टीम ने तुरंत सभी घायलों का इलाज किया और उन्हें रेबीज का इंजेक्शन लगाकर जरूरी दवाइयां दी। फिलहाल स्थानीय निवासियों ने मांग की है कि नगर पालिका को इस समस्या का कोई पक्का समाधान निकालना चाहिए, ताकि रोज-रोज के इस डर से मुक्ति मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *