Badaun Local News: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के उसहैत थाना क्षेत्र स्थित बीहट गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. 30 सितंबर की सुबह PRB 112 के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली कि गांव निवासी आशीष ने अपनी पत्नी मोहिनी की कुल्हाड़ी से काटकर बेरहमी से हत्या कर दी है. सूचना मिलते ही थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए. पुलिस के अनुसार, मोहिनी की शादी 2012 में आशीष के साथ हुई थी और उनके चार बच्चे हैं. वारदात के बाद आरोपी पति फरार हो गया है.

मां की मौत और पिता के फरार होने के बाद चारों बच्चों के सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है. उधर, पीलीभीत जिले के पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र के बिलहरी गांव में प्रतिशोध की आग में दो सगे भाइयों ने 50 वर्षीय वेदराम की बांका और कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर हत्या कर डाली.
मंगलवार सुबह जब वेदराम टहलने निकला था, तब गांव के ही रामदेव और श्यामदेव ने उस पर घात लगाकर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई. पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए मृतक की पत्नी की तहरीर पर 8 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
साल 2005 के भूविवाद से जुड़ी थी कत्ल की रंजिश
पुलिस पड़ताल में सामने आया कि वर्ष 2005 में जमीन के विवाद को लेकर वेदराम ने अपने साथियों के साथ मिलकर रामदेव और श्यामदेव के पिता नंदराम की हत्या कर दी थी. उस मामले में वेदराम जेल गया था और करीब 8 साल पहले सजा काटकर बाहर आया था.
पिता की हत्या का बदला लेने के लिए दोनों भाई बीते 19 सालों से मौके की तलाश में थे. आखिरकार मंगलवार को उन्होंने इस खौफनाक वारदात को अंजाम देकर अपने पिता के कत्ल का बदला ले लिया. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। पुलिस दोनों मामलों में विधिक कार्रवाई कर रही है.