
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से जबरन शादी, धर्मांतरण और शोषण से जुड़ा एक बेहद संगीन और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. मलिहाबाद इलाके की रहने वाली एक दलित युवती का आरोप है कि शाहनवाज, सिराज और शाहरुख नाम के युवकों ने उसका शोषण किया, जबरन धर्मांतरण कराया और उसकी तस्वीरें वायरल करने के साथ-साथ जान से मारने की धमकियां भी मिल रही है. पीड़िता का आरोप है कि साल 2021 में जब वह महज 16 साल की थी और 11वीं क्लास में पढ़ती थी, तब शाहनवाज ने उसे घर के बाहर अकेला पाकर जबरन उसकी मांग में सिंदूर भर दिया और उसकी फोटो खींच ली. जब नासमझ और डरी हुई नाबालिग लड़की ने इसका विरोध किया, तो उस दरिंदे ने फोटो को सोशल मीडिया पर वायरल करने और जान से मारने की धमकी दी. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। इसी ब्लैकमेलिंग के सहारे आरोपी ने सालों तक उसका यौन शोषण किया.
इतना ही नहीं, उस पर लगातार धर्म बदलने, बुर्का पहनने, हिंदू देवी-देवताओं की पूजा छोड़ने और जबरन कलमा पढ़ने का दबाव बनाया गया. जब पीड़िता और उसके परिवार ने इसका विरोध किया, तो आरोपी के भाई सिराज और शाहरुख भी घर आ धमके, जिन्होंने जातिसूचक गालियां दीं और धमकी दी कि मौलाना को बुलाकर जबरन धर्म परिवर्तन कराया जाएगा, वरना पूरे परिवार को रास्ते से हटा दिया जाएगा. डर के साये में घुटती रही उस बेटी ने आखिरकार 23 सितंबर को थाने पहुंचकर इंसाफ की गुहार लगाई है.
मांग में जबरन भरा सिंदूर, फिर शुरू हुआ ब्लैकमेलिंग का खेल
साल 2021 की शुरुआत में जब पीड़िता अपनी पढ़ाई कर रही थी, तब आरोपी शाहनवाज ने उसकी जिंदगी को एक डरावने सपने में बदल दिया. घर के बाहर अकेली पाकर उसने न सिर्फ जबरन उसकी मांग में सिंदूर भरा, बल्कि उस पल को अपने कैमरे में कैद करके एक हथियार बना लिया. नाबालिग होने और समाज के डर की वजह से वह डरी-सहमी रही और किसी को कुछ बता नहीं पाई. इसी तस्वीर और वीडियो के दम पर आरोपी ने उसे लगातार ब्लैकमेल किया, उसके साथ शारीरिक शोषण किया और उसे मानसिक रूप से पूरी तरह तोड़कर रख दिया.
धर्म बदलने का दबाव, जान से मारने की धमकी और जातिसूचक गालियां
जुल्म की हदें तब पार हो गईं जब आरोपी ने पीड़िता को मानसिक रूप से प्रताड़ित करते हुए यह कहना शुरू कर दिया कि उसने उसे ‘पावन’ कर दिया है और वह उसकी पत्नी बन चुकी है. उस पर हिंदू धर्म छोड़कर कलमा पढ़ने, बुर्का पहनने और अपने देवी-देवताओं की पूजा बंद करने का दबाव बनाया जाने लगा. जब भी उस बेबस लड़की ने इस जबरदस्ती के आगे झुकने से मना किया, तो उसे जातिसूचक गालियां दी गईं और उसकी इज्जत तथा जिंदगी को बर्बाद करने की धमकियां दी गईं.
परिवार पर हमला, मौलाना को लाने की धमकी
यह मामला सिर्फ उस लड़की तक सीमित नहीं रहा, बल्कि जब उसके परिवार को इस बारे में पता चला और उन्होंने विरोध किया, तो शाहनवाज के साथ उसके भाई सिराज और शाहरुख भी मैदान में आ गए. तीनों ने मिलकर पीड़िता के घर पर धावा बोला, परिवार को गंदी-गंदी गालियां दीं और धमकाया कि वे घर पर मौलाना को बुलाकर जबरन धर्म बदलवा देंगे. उन्होंने यह तक कह दिया कि अगर कानून का दरवाजा खटखटाया या बात आगे बढ़ाई, तो पूरे परिवार को इस दुनिया से गायब कर दिया जाएगा.
पुलिस से न्याय की गुहार लगा रही युवती
सालों तक डर और खौफ के साये में जीने के बाद आखिरकार पीड़िता ने हिम्मत जुटाई और मलिहाबाद थाने में अपनी शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने मामले की गंभीरता को समझते हुए तुरंत एफआईआर दर्ज कर ली है और एसीपी ज्ञानेन्द्र सिंह को इस पूरे मामले की जांच सौंप दी है. पुलिस मां के बयानों और अन्य पहलुओं की भी गहराई से पड़ताल कर रही है.