जेब से निकाली तेजाब की शीशी और… किसान का आधा चेहरा झुलसा, लखनऊ से आई रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर

जेब से निकाली तेजाब की शीशी और… किसान का आधा चेहरा झुलसा, लखनऊ से आई रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर
Featured Image

Lucknow News: बाइक न देने पर किसान पर तेजाब से हमला. लखनऊ में युवक ने किसान पर फेंका तेजाब, एक आंख को गंभीर नुकसान. आरोपी गिरफ्तार.

Lucknow News: लखनऊ के मोहनलालगंज इलाके में बाइक लूटने के लिए किसान पर तेजाब फेंकने का मामला सामने आया है. जहां आरोप है कि बाइक देने से इनकार करने पर युवक ने पहले किसान के साथ मारपीट की और फिर जेब से तेजाब की शीशी निकालकर उसके चेहरे पर डाल दिया. हमले में किसान का आधा चेहरा और एक आंख बुरी तरह झुलस गई. घटना के बाद आरोपी बाइक लेकर फरार हो गया. पुलिस ने लूटी गई बाइक उन्नाव के चौपई इलाके से बरामद कर ली है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है.

बाइक से छोड़ने के लिए कहा था

पीड़ित किसान की पहचान उमेश के रूप में हुई है. उमेश के मुताबिक, शनिवार शाम करीब 6 बजे गांव के ही ननकऊ ने उसकी मुलाकात अपने रिश्तेदार दीपू से कराई थी. दीपू उन्नाव जिले के असोहा का रहने वाला बताया गया है. ननकऊ ने उमेश से कहा था कि वह दीपू को भदेसुवा गांव तक अपनी बाइक से छोड़ दे. उमेश दीपू को बाइक पर बैठाकर गांव से बाहर निकला ही था कि रास्ते में दीपू ने उससे बाइक देने की मांग शुरू कर दी. आरोप है कि उस समय वह नशे की हालत में था. उमेश ने बाइक देने से साफ इनकार कर दिया.

बाइक नहीं दी तो चेहरे पर डाल दिया तेजाब

उमेश के मुताबिक, बाइक देने से मना करने पर दीपू ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी. इसी दौरान उसने जेब से तेजाब की शीशी निकाली और अचानक उमेश के चेहरे पर तेजाब फेंक दिया. तेजाब पड़ते ही किसान बुरी तरह झुलस गया. हमले के बाद आरोपी उमेश की बाइक लेकर मौके से फरार हो गया. रास्ते से गुजर रहे लोगों ने उमेश को लहूलुहान हालत में देखा तो पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे तत्काल सिविल अस्पताल में भर्ती कराया.

एक आंख की रोशनी पर खतरा

तेजाब के हमले में उमेश के चेहरे का एक हिस्सा और आंख गंभीर रूप से झुलस गई है. पीड़ित का कहना है कि उसे एक आंख से अब दिखाई नहीं दे रहा है. डॉक्टरों ने भी आंख में गंभीर चोट की बात बताई है. सोमवार को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उमेश ने मोहनलालगंज थाने पहुंचकर घटना की तहरीर दी.

गंभीर धाराओं में दर्ज हुआ केस

तहरीर के आधार पर मोहनलालगंज पुलिस ने हत्या के प्रयास, लूटपाट समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस ने मामले की जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद ली. इसी के आधार पर उन्नाव के चौपई इलाके से लूटी गई बाइक बरामद की गई.

आरोपी के पास पहले से तेजाब था, पुलिस कर रही जांच

एसीपी मोहनलालगंज के मुताबिक, मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी अपने पास पहले से तेजाब की शीशी लेकर क्यों घूम रहा था. घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच के साथ पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *