’20 हजार दो, नहीं तो इंचीटेप से नापकर भरवाएंगे पूरा टैक्स… प्रयागराज में हाउस टैक्स कम कराने के नाम पर रिश्वत ले रही महिला अधिकारी गिरफ्तार

’20 हजार दो, नहीं तो इंचीटेप से नापकर भरवाएंगे पूरा टैक्स… प्रयागराज में हाउस टैक्स कम कराने के नाम पर रिश्वत ले रही महिला अधिकारी गिरफ्तार
Featured Image

Prayagraj News: प्रयागराज के नगर निगम में हाउस टैक्स कम कराने के नाम पर रिश्वत लेने का मामला सामने आया है. एंटी करप्शन टीम ने जोन-7 की महिला राजस्व निरीक्षक राधा देवी को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है. आरोप है कि मकान का हाउस टैक्स कम कराने के बदले उनसे पैसे मांगे जा रहे थे. शिकायतकर्ता का दावा है कि रिश्वत देने से इनकार करने पर उन्हें धमकी दी गई कि इंचीटेप से मकान नापकर पूरा कमर्शियल कर दिया जाएगा.

1.16 लाख का हाउस टैक्स बिल आने के बाद शुरू हुई परेशानी

यह मामला फाफामऊ के शांतिपुरम गदोपुर निवासी शारिक अहमद से जुड़ा है. शारिक कपड़ों का कारोबार करते हैं. उनके मुताबिक, मार्च में उनके मकान का हाउस टैक्स बढ़कर 1.16 लाख रुपये हो गया. बिल को ठीक कराने के लिए वह कई महीनों से नगर निगम के चक्कर लगा रहे थे, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ. इसके बाद उनकी मुलाकात जोन कार्यालय में राजस्व निरीक्षक राधा देवी से हुई.

घर की जांच के बाद कार्यालय बुलाया

शारिक के मुताबिक, राधा देवी उनके घर जांच के लिए भी गई थीं. इसके बाद उन्हें नगर निगम के जोन कार्यालय बुलाया गया. कुछ दिन बाद धर्मेंद्र नाम के एक कर्मचारी ने फोन कर शारिक को कार्यालय बुलाया और कहा कि राधा मैडम ने याद किया है.

पहले 15 हजार मांगे, फिर 20 हजार की मांग

शारिक का आरोप है कि कार्यालय पहुंचने पर धर्मेंद्र ने उनसे 15 हजार रुपये की मांग की. जब उन्होंने यह बात राधा देवी को बताई तो आरोप के मुताबिक उन्होंने रकम बढ़ाकर 20 हजार रुपये कर दी. शारिक ने कहा कि हाउस टैक्स का बिल ही गलत है और वह खुद पीड़ित हैं, ऐसे में रिश्वत किस बात की दी जाए. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। आरोप है कि इसके बाद उन पर पैसे देने का दबाव बनाया जाने लगा. शारिक के मुताबिक, उन्होंने दो किस्तों में पैसे देने की बात भी कही, लेकिन आरोप है कि राधा देवी इसके लिए तैयार नहीं हुईं और पूरा पैसा एक साथ लाने को कहा.

परेशान होकर एंटी करप्शन टीम से की शिकायत

शारिक का कहना है कि लगातार दबाव से परेशान होकर उन्होंने 28 सितंबर को भ्रष्टाचार निवारण संगठन की प्रयागराज इकाई में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत की जांच के बाद टीम ने कार्रवाई की तैयारी की.

14 सदस्यीय टीम ने जोन-7 कार्यालय में बिछाया जाल

शिकायत सही पाए जाने के बाद 29 सितंबर को एंटी करप्शन की 14 सदस्यीय टीम ने फाफामऊ स्थित जोन-7 कार्यालय में ट्रैप लगाया. दोपहर करीब 1:16 बजे जैसे ही शारिक ने 20 हजार रुपये राधा देवी को दिए और उन्होंने रकम टेबल की दराज में रखी, टीम ने उन्हें रंगेहाथ पकड़ लिया. मौके से रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली गई.

गिरफ्तारी के बाद रोने लगीं, फिर सामने आई दूसरी तस्वीर

बताया जा रहा है कि पकड़े जाने के बाद राधा देवी गिड़गिड़ाने लगीं और रोते हुए कहने लगीं कि उन्होंने कुछ नहीं किया है. हालांकि, बाद में सामने आई एक तस्वीर में वह मुस्कुराती हुई नजर आईं.

कौन हैं राधा देवी?

जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तार राजस्व निरीक्षक की पहचान राधा देवी पत्नी अंशुल कुमार, पुत्री गिरधारी लाल के रूप में हुई है. वह मूल रूप से प्रतापगढ़ के मान्धाता थाना क्षेत्र के पुरेला गांव की रहने वाली हैं. फिलहाल उनकी तैनाती फाफामऊ क्षेत्र में थी और वह गोविंदपुर इलाके में रह रही थीं.

आज एंटी करप्शन कोर्ट में होगी पेशी

एंटी करप्शन प्रयागराज के प्रभारी रविंद्र सिंह यादव ने बताया कि आरोपी के खिलाफ फाफामऊ थाने में केस दर्ज कराया गया है. बाद में इस केस को एंटी करप्शन थाने में ट्रांसफर कर दिया गया. बुधवार को राधा देवी को एंटी करप्शन कोर्ट में पेश किया जाएगा.

रिश्वत मांगे तो इन नंबरों पर करें शिकायत

विभाग ने लोगों से अपील की है कि अगर कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत मांगता है तो इसकी शिकायत की जाए. प्रयागराज मंडल के लिए 9454402490 और मुख्यालय लखनऊ कंट्रोल रूम के लिए 9454402484 पर शिकायत की जा सकती है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *