
रांची में मसाज के नाम पर युवक से लूट और ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आया है. पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
रांची. नामकुम थाना क्षेत्र में मसाज के नाम पर एक युवक को बुलाकर कमरे में बंद करने, मारपीट करने और पैसे व सोने की चेन छीनने का मामला सामने आया है. पीड़ित मो. नसीम की शिकायत पर नामकुम थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए सानिया परवीन, उसके पति मो. हैदर और मो. वसीम उर्फ छोटू को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने युवक को कथित रूप से ब्लैकमेल भी किया और उससे पैसे की मांग की.
फोन कर मसाज के लिए बुलाने का आरोप
एफआईआर के अनुसार, सितंबर में सुबह करीब 10:30 बजे मो. नसीम के मोबाइल पर एक महिला का फोन आया. शिकायतकर्ता के अनुसार, महिला ने अपना परिचय सानिया परवीन के रूप में दिया और मौलाना आजाद कॉलोनी में स्पा सेंटर होने की बात कहकर मसाज के लिए बुलाया.
नसीम के अनुसार, बातचीत के बाद वह शाम करीब 6:30 बजे मौलाना आजाद कॉलोनी की गली नंबर-11 पहुंचा. उसका आरोप है कि वहां घर के अंदर सानिया परवीन उर्फ बेबी के अलावा एक अन्य महिला और दो युवक मौजूद थे.
कमरे में बंद कर मारपीट करने का आरोप
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि बातचीत के दौरान अचानक उसके साथ मारपीट शुरू कर दी गयी. आरोप है कि उसके साथ गाली-गलौज और धमकी भी दी गयी. इसी दौरान आरोपियों ने उसके पास रखे 46 हजार रुपये नकद और गले में पहनी सोने की चेन कथित रूप से छीन ली.
नसीम का आरोप है कि आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन भी अपने कब्जे में ले लिया. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। इसके बाद उसकी कथित आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी गयी. शिकायतकर्ता के अनुसार, उसे छोड़ने के लिए आठ हजार रुपये की मांग की गयी. आरोप है कि दबाव में उसने बताए गये पेटीएम/यूपीआई नंबर पर रकम भेजी. इसके बाद भी कथित रूप से उससे और पैसे की मांग की जाती रही.
पांच लाख रुपये मांगने का पुलिस का दावा
रांची पुलिस के अनुसार, मामले की जांच के दौरान फोन कॉल, मोबाइल नंबर, यूपीआई लेनदेन और वीडियो से जुड़े साक्ष्यों की पड़ताल की गयी. पुलिस का कहना है कि युवक को मसाज के बहाने बुलाकर उसके साथ मारपीट की गयी और 46 हजार रुपये तथा सोने की चेन ले ली गयी. इसके बाद कथित वीडियो के जरिये उसे ब्लैकमेल कर पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप है.
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मसाज के बहाने लोगों को बुलाते थे. इसके बाद सहयोगियों के साथ मिलकर मारपीट कर वीडियो बनाते और कथित तौर पर ब्लैकमेल कर रुपये व सामान वसूलते थे. पुलिस ने रंगदारी मांगने में इस्तेमाल किये गये दो मोबाइल फोन बरामद करने की बात कही है.
मामले में नामकुम थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है. केस की जांच एसआई सुनील कुमार गोंड को सौंपी गयी है. पुलिस मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है.