
UP News: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. पूरा मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ है. जिले के जेठवारा थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती को उसका प्रेमी घर से लेकर चला गया. इसके बाद परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने युवती को दिल्ली से बरामद किया. हालांकि, अदालत में बयान दर्ज कराने के दौरान युवती ने परिवार के साथ जाने से इनकार करते हुए प्रेमी के साथ रहने की इच्छा जताई. इससे नाराज परिजनों ने युवती को मृत मानते हुए उसका पुतला बनाया और बाकायदा अर्थी निकालकर अंतिम संस्कार कर दिया.
जानकारी के मुताबिक, बीते महीने गांव के एक युवक का युवती से प्रेम-प्रसंग शुरू हुआ था. दोनों अलग-अलग बिरादरी से बताए जा रहे हैं. इसके बाद युवक युवती को अपने साथ लेकर घर से चला गया. युवती के परिजनों ने जेठवारा थाने में नामजद तहरीर देकर उसकी बरामदगी की मांग की थी.
युवती ने अपने परिजनों के साथ जाने से किया इनकार
शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए युवती को दो दिन पहले दिल्ली से बरामद किया. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। इसके बाद उसे थाने लाया गया और न्यायालय में पेश किया गया. अदालत में दर्ज कराए गए बयान में युवती ने अपने परिजनों के साथ जाने से इनकार कर दिया. उसने प्रेमी के साथ ही रहने की इच्छा जताई.
युवती के इस फैसले से उसके परिजन कथित तौर पर बेहद नाराज हो गए. उन्होंने गांव में युवती का पुतला तैयार किया, उसकी अर्थी निकाली और गांव के बाहर ले जाकर अंतिम संस्कार कर दिया. परिजनों का कहना है कि उनके लिए बेटी अब मर चुकी है. उन्होंने 13वें दिन तेरहवीं की रस्म करने की बात भी कही है.
पुलिस के संज्ञान में अभी नहीं आया है मामला
मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में परिजन पुतले की अर्थी निकालते और अंतिम संस्कार करते नजर आ रहे हैं. फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामला अभी उनके संज्ञान में नहीं है. प्रकरण की जांच कराई जाएगी और तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.