Ramnagar News: चार महीने पहले ही साथ जीनेमरने की कसमें खाकर शादी के बंधन में बंधे नवविवाहित जोड़े की खुशियां एक खौफनाक हादसे में उजड़ गईं. गाजियाबाद से नैनीताल घूमने निकले राष्ट्रीय स्तर के बास्केटबॉल खिलाड़ी यतीश यादव की रामनगर में एक डंपर से सीधी टक्कर में दर्दनाक मौत हो गई. जबकि, उनकी डॉक्टर पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं. घटना 2 अक्टूबर की देर रात करीब 1 बजकर 20 मिनट की है.

गाजियाबाद के शाहपुर बमेठा निवासी 24 वर्षीय यतीश यादव अपनी पत्नी शीतल के साथ नई स्कॉर्पियो से काशीपुररामनगर होते हुए नैनीताल जा रहे थे. इसी दौरान पीरूमदारा से आगे चौधरी ढाबे के पास सामने से आ रहे डंपर ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि यतीश की मौके पर ही मौत हो गई.
प्राइवेट स्कूल में शिक्षक थे यतीश, पत्नी हैं डॉक्टर
मृतक यतीश यादव 2021 में नेशनल बास्केटबॉल प्रतियोगिता के विजेता रहे थे. वो एक निजी स्कूल में बच्चों को कोचिंग देते थे. वहीं, उनकी पत्नी शीतल पेशे से डॉक्टर हैं. पुलिस ने घायल शीतल को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए दिल्लीNCR के निजी अस्पताल में भर्ती कराया है.
पिता ने लगाया ओवरटेकिंग और लापरवाही का आरोप
हादसे की खबर मिलते ही परिजन रामनगर संयुक्त चिकित्सालय पहुंचे. मृतक के पिता सुरेश चंद्र यादव ने आरोप लगाया कि डंपर चालक ने ओवरटेक करते हुए गलत दिशा में आकर उनकी गाड़ी में टक्कर मारी. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। परिजनों ने पुलिस से निष्पक्ष जांच और आरोपी डंपर चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.