
लालगंज/रायबरेली, अमृत विचार। रायबरेली के लालगंज कोतवाली क्षेत्र में दो दिन से लापता एक महिला का शव सोमवार को तालाब में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
बकरी चराने निकली थीं, फिर नहीं लौटीं घर
मलपुरा गांव निवासी रमेशा देवी पत्नी स्वर्गीय बालेश्वर दो दिन पहले बकरी चराने के लिए घर से निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। परिजन लगातार उनकी तलाश कर रहे थे। सोमवार को लालगंज कस्बे के सुदनखेड़ा स्थित तालाब में एक महिला का शव उतराता देख स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने शव निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह और चौकी प्रभारी आरबी सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकाला गया। बाद में उसकी पहचान रमेशा देवी के रूप में हुई।
डूबने से मौत की आशंका, जांच जारी
प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया महिला की मौत तालाब में डूबने से प्रतीत हो रही है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
एक साल पहले पति का हो चुका था निधन
बताया जा रहा है कि मृतका के पति बालेश्वर का एक वर्ष पहले निधन हो चुका था। मां की मौत की खबर मिलते ही उनके पुत्र संजय, अमित, सुरेंद्र, सरिंद्रे और रविंद्र सहित अन्य परिजन मौके पर पहुंच गए। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। शव देखकर परिवार का रोरोकर बुरा हाल हो गया। मृतका अपने पीछे पांच पुत्रों और दो पुत्रियों का भरापूरा परिवार छोड़ गई हैं।