
हरदोई, अमृत विचार। जिले के अलगअलग थाना क्षेत्रों में अपहरण के तीन मामलों ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। दो मामलों में शादी का झांसा देकर एक 16 वर्षीय किशोरी और 20 वर्षीय युवती को बहलाफुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया गया है, जबकि तीसरे मामले में 12 वर्षीय बालक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। पुलिस ने तीनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
16 वर्षीय किशोरी को शादी का झांसा देकर ले जाने का आरोप
अतरौली थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने पुलिस को बताया कि रविवार को खेत से घर लौटने पर उनकी 16 वर्षीय बेटी घर पर नहीं मिली। तलाश के दौरान जानकारी मिली कि लखीमपुर खीरी के उचौलिया थाना क्षेत्र के मढ़िया निवासी अभिषेक उसे बहलाफुसलाकर अपने साथ ले गया है। परिजनों के मुताबिक आरोपी की पहले गांव में रिश्तेदारी थी और वह किशोरी से फोन पर भी संपर्क में रहता था। पुलिस ने शादी का झांसा देकर अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
20 वर्षीय युवती के अपहरण का भी केस दर्ज
पिहानी कोतवाली क्षेत्र के एक गांव से 20 वर्षीय युवती के लापता होने का मामला भी सामने आया है। परिजनों ने तहरीर में आरोप लगाया कि शाहजहांपुर के कांठ थाना क्षेत्र के जलालपुर निवासी सत्यवीर उर्फ अल्लू युवती को बहलाफुसलाकर अपने साथ ले गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
12 वर्षीय बालक साइकिल समेत लापता
एक अन्य मामले में पिहानी रोड रेलवे ओवरब्रिज के पास रहने वाले त्रिमोहन शर्मा ने कोतवाली देहात पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनका 12 वर्षीय बेटा वेदांश रविवार शाम साइकिल लेकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कर बालक की तलाश शुरू कर दी है।
लखीमपुर और शाहजहांपुर तक पहुंची पुलिस जांच
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तीनों मामलों की गंभीरता से जांच की जा रही है। किशोरी और युवती के अपहरण के मामलों में पुलिस ने लखीमपुर खीरी और शाहजहांपुर में भी आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही मामलों का खुलासा किया जाएगा।