Amethi Encounter: पुलिस मुठभेड़ में हिस्ट्रीशीटर के पैर में लगी गोली, चार आरोपी गिरफ्तार; चोरी का सामान और नकदी बरामद

Amethi Encounter: पुलिस मुठभेड़ में हिस्ट्रीशीटर के पैर में लगी गोली, चार आरोपी गिरफ्तार; चोरी का सामान और नकदी बरामद
Amethi Encounter: पुलिस मुठभेड़ में हिस्ट्रीशीटर के पैर में लगी गोली, चार आरोपी गिरफ्तार; चोरी का सामान और नकदी बरामद

अमेठी उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में मंगलवार तड़के पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश घायल हो गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। इस कार्रवाई में उसके तीन अन्य साथियों को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस सभी आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई कर रही है।

मुखबिर की सूचना पर पहुंची थी पुलिस

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि गौरीगंज कोतवाली क्षेत्र में रोहसी खुर्द से टीवी टावर जाने वाले मार्ग पर एक पिकअप वाहन में सवार चार संदिग्ध युवक किसी चोरी की वारदात की रेकी कर रहे हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर संदिग्ध भागने लगे। घेराबंदी के दौरान एक आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई की गई।

जवाबी फायरिंग में हिस्ट्रीशीटर घायल

पुलिस के मुताबिक, फायरिंग करने वाले आरोपी की पहचान अख्तर हुसैन उर्फ राजू, निवासी संपतपुर मजरे गुवावां, के रूप में हुई। जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, अख्तर हुसैन के खिलाफ 16 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

तीन अन्य आरोपी भी गिरफ्तार

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार है—

दद्दन प्रसाद वर्मा, निवासी पूरे भगीरथ मजरे शाहपुर
मोहम्मद रईस उर्फ बब्लू, निवासी मुंडका जोधपुर मजरे रामपुर नौरंगाबाद
तेजबहादुर, निवासी पूरे प्रसाद सिंह मजरे बरौलिया
हथियार, नकदी और चोरी के औजार बरामद

तलाशी के दौरान घायल आरोपी के पास से एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और नकदी बरामद हुई। अन्य आरोपियों के पास से भी नकदी मिली।

पिकअप वाहन की तलाशी में पुलिस ने तीन रस्सियां, टॉर्च, चाकू, पेचकस और प्लायर बरामद किए। जांच के दौरान वाहन पर लगी नंबर प्लेट भी कूटरचित पाई गई।

पूछताछ में कई चोरी की घटनाओं का खुलासा

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने करीब 12 दिन पहले लोनियन का पुरवा से एक भैंस और एक पड़वा चोरी कर उन्हें 60 हजार रुपये में बेचने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, बरामद 32,200 रुपये उसी रकम का बचा हुआ हिस्सा बताए गए हैं।

इसके अलावा आरोपियों ने करीब एक माह पहले बासूपुर पंचायत भवन और तीन माह पहले अत्तानगर पंचायत भवन से सोलर पैनल चोरी करने की बात भी कबूल की है। पुलिस इन दावों की जांच कर रही है।

 

ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *