
सुलतालपुर उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में करंट लगने से एक 14 वर्षीय किशोर की दर्दनाक मौत हो गई। घटना लंभुआ कोतवाली क्षेत्र के जमखुरी गांव की है, जहां खेत में लगी झटका मशीन की चपेट में आने से किशोर गंभीर रूप से झुलस गया। उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लम्भुआ ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
साइकिल से घर लौट रहा था किशोर
मृतक की पहचान अंश पाठक , पुत्र हीरालाल पाठक, निवासी जमखुरी गांव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, अंश दुकान से साइकिल से घर लौट रहा था। इसी दौरान साइकिल अनियंत्रित होकर खेत के किनारे लगी झटका मशीन के संपर्क में आ गई और वह करंट की चपेट में आ गया।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही गई जान
करंट लगने के बाद परिजन तत्काल अंश को सीएचसी लम्भुआ लेकर पहुंचे। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। चिकित्सकों ने जांच के बाद किशोर को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
परिजनों ने लगाया डायरेक्ट बिजली सप्लाई का आरोप
परिजनों का आरोप है कि खेत में लगी झटका मशीन में बैटरी की बजाय सीधे बिजली की सप्लाई दी गई थी। उनका कहना है कि झटका मशीन की बैटरी चोरी हो जाने के बाद खेत मालिक ने कथित तौर पर डायरेक्ट बिजली प्रवाहित कर दी थी, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ।
इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है। मामले की जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।
जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय स्तर पर मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस और संबंधित विभाग की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।