फर्रुखाबाद में निर्माणाधीन भवन से महिला का शव बरामद, साथ रहने वाले लोग लापता

फर्रुखाबाद में निर्माणाधीन भवन से महिला का शव बरामद, साथ रहने वाले लोग लापता
फर्रुखाबाद में निर्माणाधीन भवन से महिला का शव बरामद, साथ रहने वाले लोग लापता

फर्रुखाबाद: कादरी गेट थाना क्षेत्र के पांचाल घाट स्थित दुर्वासा ऋषि आश्रम के पास एक निर्माणाधीन भवन में मंगलवार सुबह एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। मामले को उस समय और संदिग्ध माना गया, जब मृतका के साथ रह रही एक महिला और एक पुरुष मौके से लापता हो गए।

स्थानीय लोगों के अनुसार, निर्माणाधीन भवन में कबाड़ बीनकर जीवनयापन करने वाले कुछ लोग अस्थायी रूप से रह रहे थे। बताया जा रहा है कि वहां दो महिलाएं और एक पुरुष साथ रहते थे।

मंगलवार सुबह भवन के अंदर एक महिला का शव पड़ा मिला। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पांचाल घाट चौकी प्रभारी हरिकेश पुलिस टीम के साथ पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस ने मौके पर मौजूद दूसरी महिला से पूछताछ करते हुए उसके साथ रहने वाले पुरुष के बारे में जानकारी मांगी। महिला ने पुलिस से कहा कि वह उसे बुलाकर लाती है, लेकिन वहां से जाने के बाद वापस नहीं लौटी। इसके बाद से वह भी लापता है, जिससे पुलिस को मामला और अधिक संदिग्ध प्रतीत हो रहा है।

समाचार लिखे जाने तक मृत महिला की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस शव की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है। साथ ही फरार महिला और उसके साथ रहने वाले पुरुष की तलाश जारी है। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *