
बरेली, अमृत विचार। बिथरी चैनपुर के गुलाब स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की मेहनत आखिर रंग लाई। उनके हाथों से तैयार बेडशीट और पिलो कवर निजी अस्पतालों में इस्तेमाल होंगे। उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की पहल और मुख्य विकास अधिकारी के प्रयासों से इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने बेडशीटपिलो कवर का मांग पत्र सौंपा।
मंगलवार को सीडीओ कार्यालय में धनवन्तरि तोमर, अतुल रुचि, गंगाशील, गंगाचरण, वंश, बरेली गोल्डन, डॉ. अरशद अली और एसआर अस्पताल ने बेडशीट व पिलो कवर की नियमित आपूर्ति के लिए मांग पत्र सौंपे। गुलाब स्वयं सहायता समूह ने उसी समय धनवन्तरि तोमर अस्पताल को पचास बेडशीट पिलो कवर सहित उपलब्ध कराईं। आईएमए ने भविष्य में ऑपरेशन थिएटर में उपयोग होने वाली बेडशीट, पिलो कवर और स्टाफ ड्रेस का भी प्रस्ताव दिया। सीडीओ देवयानी ने कहा कि यह पहल केवल उत्पादों की बिक्री तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीण महिलाओं के हुनर को स्थायी बाजार से जोड़ने की दिशा में एक सफल मॉडल बनकर उभरी है। इससे स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिला आत्मनिर्भरता को भी नई गति मिलेगी।
सीडीओ की पहल बनी महिलाओं की तरक्की का आधार
करीब दो महीने पहले सीडीओ देवयानी ने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के लिए स्थायी बाजार उपलब्ध कराने की योजना तैयार की थी। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। उनका मानना था कि बेडशीट, पिलो कवर समेत कई गुणवत्तापूर्ण उत्पाद तैयार कर इन्हें अस्पतालों तक पहुंचाकर महिलाओं की आय बढ़ाई जा सकती है। उन्होंने लगातार मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उपायुक्त एनआरएलएम और इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के पदाधिकारियों से समन्वय बनाए रखा। नियमित बैठकों और फॉलोअप के बाद आखिर यह पहल सफल हुई और निजी अस्पतालों ने समूह के उत्पाद खरीदने की सहमति दे दी।