दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में गाने सुनने नहीं, पैसे कमाने पहुंचा युवक, पानी बेचकर 2 घंटे में हुई इतनी कमाई

दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में गाने सुनने नहीं, पैसे कमाने पहुंचा युवक, पानी बेचकर 2 घंटे में हुई इतनी कमाई
Featured Image

Last Updated:November 01, 2026, 20:23 IST

दिलजीत दोसांझ के दिल्ली कॉन्सर्ट के बाहर एक युवक ने पानी की बोतलें बेचकर महज 2 घंटे में 24 हजार रुपये की सेल की. उसने करीब 480 बोतलें बेचीं, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उसकी कमाई का हिसाब वायरल हो गया. कुछ लोगों ने उसके बिजनेस आइडिया की तारीफ की, तो कुछ ने 24 हजार की सेल और असली मुनाफे के अंतर पर सवाल उठाए.

दिलजीत दोसांझ के शो में पानी बेच युवक ने कमाए 24 हजार रुपये(फोटो:Instagram-@dhandhaonground)

दिलजीत दोसांझ का ‘ऑरा इंडिया टूर’ कॉन्सर्ट 30 अक्टूबर 2026 को दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम (JLN Stadium) में आयोजित हुआ था. इस शो को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला. दिलजीत के गानों और उनके खास अंदाज का लुत्फ उठाने के लिए बड़ी संख्या में लोग स्टेडियम पहुंचे थे. रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस कॉन्सर्ट में करीब 70 हजार फैंस शामिल हुए थे. दिलजीत दोसांझ अपने लाइव शो में न सिर्फ शानदार गाने गाते हैं, बल्कि अपने खास अंदाज और फैंस के साथ बातचीत से भी माहौल बना देते हैं. उनके कॉन्सर्ट में ‘लवर’, ‘इश्क मिटाए’, ‘काला चश्मा’ और ‘गोट’ जैसे गानों पर फैंस खूब झूमते नजर आते हैं. दिल्ली के इस शो में भी लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था. इतनी बड़ी संख्या में लोगों के जुटने से स्टेडियम और उसके आसपास खाने-पीने की चीजों की मांग बढ़ना स्वाभाविक है. ऐसे मौकों पर छोटे दुकानदारों और स्थानीय वेंडर्स को भी कमाई का अच्छा मौका मिल जाता है. इसी कॉन्सर्ट का एक वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इसमें देखा जा सकता है कि एक युवक ने फैंस की भीड़ के बीच पानी की बोतलें बेचीं और महज दो घंटे में करीब 24 हजार रुपये की बिक्री कर डाली. युवक की कमाई का यह आंकड़ा सुनकर जहां कुछ लोग हैरान हैं, वहीं कई यूजर्स उसके बिजनेस आइडिया की तारीफ कर रहे हैं.

दिलजीत के कॉन्सर्ट में पानी बेचने लगा युवक
दरअसल, इंस्टाग्राम अकाउंट @dhandhaonground पर एक वीडियो शेयर किया गया है. इसमें युवक खुद अपनी कमाई के बारे में बताता नजर आ रहा है. उसके मुताबिक, वह दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट के बाहर पानी की बोतलें बेच रहा था. इस दौरान वहां हजारों की संख्या में लोग मौजूद थे. कॉन्सर्ट में शामिल होने आए फैंस को पानी की जरूरत थी और इसी वजह से उसकी बोतलों की बिक्री तेजी से होने लगी. युवक ने बताया कि उसने करीब दो घंटे तक पानी बेचा और इस दौरान लगभग 24 हजार रुपये की बिक्री हुई. वीडियो में वह यह भी बताता है कि उसने कितनी बोतलें बेचीं और उन्हें किस कीमत पर बेचा. कॉन्सर्ट के आसपास लोगों की भारी भीड़ होने के कारण उसे ग्राहकों की तलाश में ज्यादा मेहनत नहीं करनी पड़ी. लोग खुद उसके पास आकर पानी खरीद रहे थे.

View this post on Instagram

480 बोतलें बेचकर हुई 24 हजार रुपये की सेल
वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने युवक की कमाई का पूरा हिसाब लगाना शुरू कर दिया. एक यूजर ने बताया कि युवक ने 40 पैकेट पानी बेचा, जिनमें हर पैकेट में 12 बोतलें थीं. इस हिसाब से कुल 480 बोतलें हुईं. अगर एक बोतल की कीमत 50 रुपये रखी गई, तो 480 बोतलों की कुल बिक्री 24 हजार रुपये बैठती है. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। हालांकि, 24 हजार रुपये की बिक्री का मतलब यह नहीं है कि युवक को इतनी रकम का मुनाफा हुआ. एक यूजर ने हिसाब लगाते हुए लिखा कि अगर एक बोतल उसे 13 रुपये में पड़ी थी, तो 480 बोतलों की खरीद कीमत 6,240 रुपये हुई. इस खर्च को कुल बिक्री से घटाने पर करीब 17,760 रुपये बचते हैं. हालांकि, इसमें दूसरे खर्च शामिल हैं या नहीं, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है.

सोशल मीडिया पर लोगों ने दिए मजेदार रिएक्शन
इस वीडियो के शेयर करते ही ये तुरंत वायरल हो गया. खबर लिखे जाने तक इसे 27 लाख से ज्यादा लोगों ने देख लिया है और 1 लाख 32 हजार से ज्यादा लोगों ने इसे लाइक भी किया है. वीडियो पर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. कुछ लोगों ने उसकी मेहनत और मौके को पहचानने की समझदारी की तारीफ की. वहीं, कुछ यूजर्स ने कॉन्सर्ट में पानी की बोतलें महंगे दाम पर बेचने को लेकर सवाल भी उठाए. एक यूजर ने मजाकिया अंदाज में लिखा- “भाई मैंने आपसे एक बोतल खरीदी और मैं आपके वीडियो में तीन बार हूं. मैंने भी प्रॉफिट कमा लिया.” एक अन्य यूजर ने कहा कि अगली बार वह भी कॉन्सर्ट में यही काम करने आएगा. वहीं, एक शख्स ने लिखा कि ऐसे चार-पांच कॉन्सर्ट करने के बाद तो मनाली जाने का टिकट पक्का हो जाएगा. कुछ लोगों ने कमाई के आंकड़े पर भी सवाल उठाए. एक यूजर ने लिखा कि 24 हजार रुपये की सेल हुई है, मुनाफा नहीं. वहीं, दूसरे ने बोतलों की खरीद कीमत और बिक्री के आधार पर 17,760 रुपये के मुनाफे का हिसाब समझाया. इस तरह वीडियो पर सिर्फ युवक की कमाई ही नहीं, बल्कि बिजनेस में रेवेन्यू और प्रॉफिट के अंतर को लेकर भी चर्चा होने लगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *