राम मंदिर चंदा चोरी मामले में फिर घिरी BJP, अखिलेश ने CM योगी से पूछा ‘दूध का दूध और पानी का पानी’ कब होगा?​

राम मंदिर चंदा चोरी मामले में फिर घिरी BJP, अखिलेश ने CM योगी से पूछा ‘दूध का दूध और पानी का पानी’ कब होगा?​

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले को लेकर उत्तर प्रदेश की बीजेपी सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर बेहद तीखा हमला बोला है. सोशल मीडिया के माध्यम से सरकार को घेरते हुए सपा प्रमुख ने जांच की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल उठाए हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में बड़े दोषियों को बचाने के लिए छोटे कर्मचारियों को बलि का बकरा बनाया जा रहा है.

‘साख को माफी, फुनगी को फांसी’

अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट के जरिए सीधे मुख्यमंत्री योगी से सवाल किया कि अयोध्या की जनता पूछ रही है कि ‘चढ़ावाचंदादान’ चोरी के मामले में आखिरकार कब “दूध का दूध और पानी का पानी” होगा? उन्होंने तंज कसते हुए कहा, हमने तो पहले ही इस मामले में कहा था कि जांच की लीपापोती का परिणाम निकलेगा: साख को माफी, फुनगी को फांसी!

सपा अध्यक्ष का आरोप है कि राम मंदिर के धर्मधन चोरी के इस बड़े मामले में मुख्य सरगना को पूरी तरह बचा कर बरकरार रखा गया है, जबकि उनके केवल छोटे सेवकों को गिरफ्तार कर के मामले को रफादफा करने की कोशिश की जा रही है.

अयोध्या की पूरी नगरी बनी ‘पीडीए’

बीजेपी पर तीखा हमला जारी रखते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि आज पूरी अयोध्या नगरी बीजेपी के कथित भ्रष्टाचार से प्रताड़ित, दुखी और अपमानित महसूस कर रही है. उन्होंने दावा किया कि इस स्थिति के कारण अब अयोध्या की पूरी नगरी ही ‘पीडीए’ की विचारधारा के साथ जुड़ गई है.

आगामी चुनाव को लेकर बीजेपी को दी चेतावनी

हाल ही में हुए विधानपरिषद चुनावों का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव ने बीजेपी को आगाह किया कि वाराणसी में बीजेपी को ‘डबल जीरो’ का सामना करना पड़ा है. उन्होंने चेतावनी दी कि आने वाले विधानसभा चुनाव में अयोध्या की जनता बीजेपी का स्कोर ‘पांच जीरो’ करके उन्हें हमेशा के लिए विदा करने का मन बना चुकी है.

भगवान राम के पिता पर टिप्पणी के बहाने घेरा

सपा प्रमुख ने सीएम योगी पर तंज कसते हुए सवाल उठाया कि अयोध्या का दौरा करने वाले इन नेताओं ने भगवान राम के पिता के बारे में अपशब्द कहने वालों के खिलाफ एक शब्द भी क्यों नहीं बोला? उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि अब इनका प्रभाव इतना कम हो चुका है कि उनमें सच बोलने की हिम्मत तक नहीं बची है. अखिलेश यादव ने अंत में कहा कि राजनीतिक रूप से इतने कमजोर होकर विदा होना किसी भी तरह से अच्छा नहीं है.

रामभक्तों पर गोली चलवाने वाले माफी मांगकर ही अयोध्या आएं : योगी

इससे पहले मुख्यमंत्री योगी ने अखिलेश यादव पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए कहा था कि जिन लोगों ने रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं और संतों पर लाठीचार्ज कराया, उन्हें माफी मांगने के बाद ही अयोध्या आना चाहिए.

मुख्यमंत्री ने अयोध्या में 10वें दीपोत्सव के अवसर पर राम कथा पार्क में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की मौजूदगी में भगवान श्रीराम का राजतिलक करने के बाद अपने संबोधन में कहा, जिन लोगों ने रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं, संतों पर लाठीचार्ज कराया और अयोध्या की उपेक्षा की, उन्हें अपने किए की माफी राम भक्तों और संतों से मांगने के बाद ही इस पवित्र नगरी में आना चाहिए.

सीेएम योगी का यह बयान समाजवादी पार्टी के विधायक पवन पांडेय द्वारा यह घोषणा किए जाने के बाद आया है कि पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव अयोध्या में राम मंदिर के दर्शन करेंगे.

ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *