Kanpur News : CDO के औचक निरीक्षण में स्कूल की खुली पोल, मिडडे मील, सफाई और उपस्थिति में मिलीं खामियां

Kanpur News : CDO के औचक निरीक्षण में स्कूल की खुली पोल, मिडडे मील, सफाई और उपस्थिति में मिलीं खामियां
Kanpur News : CDO के औचक निरीक्षण में स्कूल की खुली पोल, मिडडे मील, सफाई और उपस्थिति में मिलीं खामियां

कानपुर, अमृत विचार। पतारा विकासखंड के कंपोजिट विद्यालय रायपुर में गुरुवार को मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन और बेसिक शिक्षा अधिकारी हरिओम सिंह ने औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान विद्यालय में साफसफाई, शैक्षणिक गुणवत्ता, मिडडे मील और छात्र उपस्थिति में कई अनियमितताएं सामने आईं। इस पर अधिकारियों ने जिम्मेदारों को फटकार लगाते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए। सुबह करीब नौ बजे पहुंचे अधिकारियों ने विद्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार पर कीचड़ और गंदगी देख नाराजगी जताई।

उन्होंने नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं, सुबह 10 बजे तक विद्यालय परिसर में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र बंद मिला। इस पर संबंधित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण तलब करने के आदेश दिए गए। शैक्षणिक व्यवस्था की समीक्षा के दौरान सीडीओ ने प्रधानाध्यापक भारत सिंह से कक्षादो के पाठ्यक्रम से जुड़े प्रश्न पूछे, लेकिन वह संतोषजनक उत्तर नहीं दे सके। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। इस पर सीडीओ ने प्राथमिक शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और नियमित शैक्षणिक निगरानी के निर्देश दिए।

मिडडे मील और छात्र उपस्थिति में भी मिली गड़बड़ी

निरीक्षण में मिडडे मील की गुणवत्ता भी मानकों के अनुरूप नहीं मिली। अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए बच्चों को गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। छात्र उपस्थिति की जांच में भी गड़बड़ी मिली। उपस्थिति रजिस्टर में 69 छात्र दर्ज थे, जबकि मौके पर केवल 54 छात्र ही मौजूद मिले। इस पर अधिकारियों ने वास्तविक उपस्थिति दर्ज करने, अभिलेखों का सत्यापन कराने और पूरे मामले की जांच कराने के निर्देश दिए।

‘लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी’ : सीडीओ

सीडीओ अभिनव जे. जैन ने कहा कि “शिक्षा, स्वच्छता और मिडडे मील जैसी योजनाओं में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। दोबारा निरीक्षण में कमियां मिलने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *