
लखनऊ, अमृत विचार : लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने गुरुवार को हजरतगंज मार्केट का निरीक्षण किया तो कुछ जगहों पर मानक विपरीत साइनेज बोर्ड देख नाराजगी जताई। नोटिस के बाद भी दुकानदारों द्वारा बोर्ड न हटाने पर सम्बंधित अधिकारियों को फटकार लगाई और बोर्ड हटाने के निर्देश दिए। सबसे पहले उपाध्यक्ष ने हजरतगंज में फसाड कंट्रोल गाइडलाइन के तहत कराये जा रहे विकास एवं सौंदर्यीकरण के कार्यों का निरीक्षण किया।
पाया गया कि कुछ जगहों पर मानक विपरीत साइनेज बोर्ड अभी तक हटाये नहीं गये, जबकि दुकानदारों को दी गयी नोटिस की अवधि भी पूरी हो चुकी है। इस पर उपाध्यक्ष ने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि सभी साइन बोर्ड को निर्धारित मानक के अनुसार एकरूप किया जाए। वहीं, हजरतगंज मुख्य मार्केट से लगी हुयी गलियों में जलभराव की समस्या के दृष्टिगत उपाध्यक्ष ने सभी नालियों को मुख्य नाले से कनेक्ट करने के निर्देश दिये।
इसके बाद नाजा मार्केट का निरीक्षण किया। जिसमें कुछ दुकानों के बाहर कॉमन एरिया एवं पाथवे में अतिक्रमण पाया। इस पर सम्बंधित दुकानदारों को नोटिस जारी करते हुए अतिक्रमण हटवाने के निर्देश दिये।
महर्षि सुपंच पार्क का सौंदर्यीकरण
उपाध्यक्ष ने नगर निगम कार्यालय के पास स्थित महर्षि सुपंच पार्क के सौंदर्यीकरण कार्य का निरीक्षण किया। कहा कि आसपास बड़ी संख्या में खानेपीने की दुकानों के चलते काफी भीड़ आती है। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। इसे ध्यान में रखते हुए पार्क में बैठने की समुचित व्यवस्था की जाए। साथ ही पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए खानेपीने से सम्बंधित स्लोगन लिखवाये जाए।