Baghpat News: दिवाली पर छुट्टी आए राष्ट्रपति भवन के सुरक्षाकर्मी को मारी गोली, हालत गंभीर; भाई को लाठीडंडे से पीटा​

Baghpat News: दिवाली पर छुट्टी आए राष्ट्रपति भवन के सुरक्षाकर्मी को मारी गोली, हालत गंभीर; भाई को लाठीडंडे से पीटा​

Baghpat News: उत्तर प्रदेश के बागपत में दिवाली की रात पुरानी रंजिश में दो भाइयों पर जानलेवा हमला किया गया. आरोप है कि घर के बाहर पटाखे चला रहे भाइयों पर गांव के ही दो युवकों ने तमंचे से फायरिंग कर दी. इस दौरान राष्ट्रपति भवन में सैनिक के रूप में तैनात सौरभ के सिर में गोली लग गई. वहीं उसके बड़े भाई विनीत के सिर पर लाठीडंडों से हमला किया गया. दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया. सौरभ की गंभीर हालत को देखते हुए उसे मेरठ के सुभारती अस्पताल रेफर किया गया. पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी.

घर के बाहर पटाखे चला रहे थे दोनों भाई

घटना 8 नवंबर की रात करीब 9 बजे की है. रमाला थाना क्षेत्र के गोपालपुर खडाना गांव के रहने वाले जनकराज के बेटे सौरभ और विनीत अपने घर के सामने खड़े होकर पटाखे चला रहे थे. इसी दौरान गांव के ही धीरज और मोनू उर्फ प्रवीण वहां पहुंच गए. आरोप है कि दोनों युवक तमंचा और लाठीडंडे लेकर आए थे. बताया गया कि दोनों पक्षों के बीच पहले से पुरानी रंजिश चल रही थी. इसी विवाद को लेकर आरोपियों ने मौके पर पहुंचते ही दोनों भाइयों के साथ गालीगलौज शुरू कर दी. जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने हमला कर दिया.

सैनिक सौरभ के सिर में लगी गोली

आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायरिंग की. इस दौरान एक गोली सौरभ के सिर में जा लगी. गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ा. वहीं दूसरे आरोपी ने उसके बड़े भाई विनीत के सिर पर लाठी से हमला कर दिया. इससे वह भी गंभीर रूप से घायल हो गया. वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए.

घटना के बाद परिवार में चीखपुकार मच गई. परिजन आननफानन में दोनों घायलों को बड़ौत के आस्था हॉस्पिटल लेकर पहुंचे. वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया. सौरभ की हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए मेरठ रेफर कर दिया गया. फिलहाल वह सुभारती अस्पताल में भर्ती है.

सीओ और ASP ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

घटना की सूचना मिलते ही डायल112 की टीम और रमाला थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ बड़ौत अंशु जैन और एडिशनल एसपी प्रवीण चौहान ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया. अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को मौके पर निगरानी रखने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए.

2 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

जनकराज की तहरीर पर रमाला थाना पुलिस ने 9 नवंबर को एफआईआर दर्ज की. इसमें धीरज और मोनू उर्फ प्रवीण पुत्र इंद्रपाल को नामजद किया गया है. पुलिस ने BNS की धारा 109 , 115 , 352 और 351 के तहत मुकदमा दर्ज किया है. थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश शर्मा के मुताबिक, नामजद आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें जुटी हैं. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है. वहीं दोनों घायल भाइयों का अस्पताल में इलाज चल रहा है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *