बागपत में आतिशबाजी को लेकर झगड़ा, फिर हुई फायरिंग; दिवाली की रात राष्ट्रपति के बॉडीगार्ड को लगी गोली​

बागपत में आतिशबाजी को लेकर झगड़ा, फिर हुई फायरिंग; दिवाली की रात राष्ट्रपति के बॉडीगार्ड को लगी गोली​

उत्तर प्रदेश के बागपत में दिवाली की रात दो परिवारों के बीच मामूली विवाद हिंसक हो गया. दोनों पक्षों में पहले पटाखा फोड़ने को लेकर झगड़ा हुआ, फिर एक पक्ष की ओर से फायरिंग की गई. इस दौरान गोली लगने से राष्ट्रपति के बॉडीगार्ड सौरभ तोमर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. राष्ट्रपति के एलीट बॉडीगार्ड रेजिमेंट में तैनात सौरभ तोमर दिवाली मनाने के लिए अपने गांव आए हुए थे. फिलहाल उन्हें मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

वारदात बागपत के रमाला थाना क्षेत्र में गोपालपुर खदाना का है. इस गांव में रहने वाले सौरभ तोमर राष्ट्रपति के एलीट बॉडीगार्ड रेजिमेंट में तैनात हैं. दिवाली की देर रात करीब 10 बजे वह अपने भाई विनीत के साथ घर के बाहर पटाखे फोड़ रहे थे. इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले धीरज और मोनू उर्फ ​​प्रवीण के साथ उनकी बहस हो गई. देखते ही देखते इनकी झड़प हिंसक हो गई. इसी दौरान इनमें से किसी एक ने तमंचे से फायरिंग कर दी. गोली दीवार से टकराकर सौरभ के सिर में कान के पीछे लगी. इससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए.

विनीत पर भी हुआ जानलेवा हमला

आरोपियों ने सौरभ के भाई विनीत पर डंडे से हमला किया. इससे उनके सिर में गंभीर चोटें आई हैं. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी दोनों भाइयों को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए. इतने में घर से बाहर आए परिजनों ने दोनों भाइयों को बड़ौत के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से सौरभ की गंभीर हालत को देखते हुए मेरठ रेफर के लिए रेफर किया गया है. फिलहाल डॉक्टरों ने सौरभ के सिर में फंसी गोली निकाल दी है. उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है.

पिता ने दर्ज कराई एफआईआर

सौरभ के पिता जनकराज ने इस संबंध में रमाला पुलिस में दोनों आरोपियों धीरज और मोनू उर्फ ​​प्रवीण के खिलाफ नामजद तहरीर दी है.पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। सीओ बड़ौत अंशु जैन के मुताबिक दोनों आरोपी अभी फरार हैं. उनकी तलाश में पुलिस तीन टीमें लगातार दबिश दे रही हैं. उधर, सौरभ के चाचा नेत्रपाल ने बताया कि सौरभ साल 2021 में फौज में भर्ती हुए थे. उन्होंने प्रेसिडेंट बॉडीगार्ड में शामिल होने के लिए कड़ी परीक्षा पास की. इसके बाद रेजिमेंट के माउंटेड विंग के लिए उन्हें चुना गया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *