नांदेड़: रीलबाजों ने की आतिशबाजी, जलकर राख हुई 5 एकड़ गन्ने की फसल… पीड़ित किसानों ने की मुआवजे की मांग​

नांदेड़: रीलबाजों ने की आतिशबाजी, जलकर राख हुई 5 एकड़ गन्ने की फसल… पीड़ित किसानों ने की मुआवजे की मांग​

Nanded News: महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले में Reel बनाने का जुनून किसान के लिए भारी मुसीबत और लाखों रुपये के नुकसान का सबब बन गया है. जिले के मरलक इलाके में बायपास के पास सड़क किनारे रील शूट करने पहुंचे कुछ युवकयुवतियों द्वारा पटाखे फोड़ने से खेत में भीषण आग लग गई. इस आग में किसान माणिकराव शिंदे और उनके परिवार की करीब 5 एकड़ में खड़ी गन्ने की तैयार फसल जलकर पूरी तरह राख हो गई. महीनों की मेहनत पल भर में खाक होने से पीड़ित किसान परिवार गहरे सदमे में है और प्रशासन से पंचनामा कर तत्काल मुआवजा देने की गुहार लगा रहा है.

मरलक निवासी किसान श्यामराव गानुजी शिंदे और जानूजी शिंदे ने बताया कि नांदेड़ शहर नजदीक होने और बायपास के पास खुला इलाका होने की वजह से अक्सर कुछ युवकयुवतियां यहां रील और फोटो शूट करने आते हैं. रील बनाने के दौरान इन लोगों ने गन्ने के खेत के पास पटाखे फोड़े, जिसकी चिंगारी से सूखे पत्तों में आग लग गई. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और करीब 5 एकड़ में खड़ी गन्ने की फसल जलकर खाक हो गई.

जब तक खेत पहुंचे, सब कुछ जल चुका था

किसान श्यामराव शिंदे ने बताया कि शाम करीब 8 बजे उनके पड़ोसी का फोन आया कि खेत में आग लग गई है. गांव से खेत करीब 3 किलोमीटर दूर होने के कारण जब तक वे मौके पर पहुंचे, तब तक पूरी फसल जलकर राख हो चुकी थी. हालांकि, सूचना मिलने पर संबंधित लोगों ने मौके पर पहुंचकर पानी की व्यवस्था कर आग बुझाने में मदद की.

पीड़ित किसानों की पीड़ा और सरकार से प्रमुख मांगें

किसान जानूजी शिंदे के अनुसार, अकेले उनकी फसल जलने से उन्हें करीब एक लाख रुपये का सीधा नुकसान हुआ है, जबकि कुल 5 एकड़ फसल जलने से पूरे किसान परिवार की कमर टूट गई है. किसानों का कहना है कि एक तरफ सूखे का संकट और पानी की भारी किल्लत है, तो दूसरी तरफ खाद, बीज और खेती की लागत लगातार बढ़ रही है. ऊपर से चीनी मिलों द्वारा गन्ने का कम भाव दिया जा रहा है. ऐसे में इस तरह का नुकसान झेलना असंभव है.

पंचनामा कर मुआवजा देने और रीलबाजों पर रोक लगाने की मांग

प्रभावित किसान माणिकराव शिंदे और श्यामराव शिंदे ने बताया कि मामले की शिकायत गांव स्तर पर दर्ज कराई गई है और प्रशासन की ओर से मदद का आश्वासन भी मिला है. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। किसानों ने सरकार से मांग की है कि जली हुई फसल का तत्काल पंचनामा कराकर उचित आर्थिक मुआवजा दिया जाए. साथ ही, पुलिस और प्रशासन सार्वजनिक सड़कों व खेतों के पास रील बनाने के नाम पर पटाखे फोड़ने और किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *