बरेली में BJP मेयर को जान से मारने की धमकी, खुद को पत्रकार बताकर PRO को किया फोन; 2 पर FIR​

बरेली में BJP मेयर को जान से मारने की धमकी, खुद को पत्रकार बताकर PRO को किया फोन; 2 पर FIR​

उत्तर प्रदेश मेयर काउंसिल के अध्यक्ष और बरेली के भाजपा मेयर डॉ. उमेश गौतम को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है. आरोप है कि एक व्यक्ति ने खुद को पत्रकार बताकर मेयर के जनसंपर्क अधिकारी प्रद्युम्न को फोन किया और बातचीत के दौरान डॉ. उमेश गौतम को जान से मारने की धमकी दी. मामले में PRO की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने संजीव अग्रवाल और मोहित उप्रेती के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है. पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.

जानकारी के मुताबिक, कॉल करने वाले व्यक्ति ने मेयर के PRO प्रद्युम्न के मोबाइल पर फोन किया. उसने खुद को पत्रकार बताया और बातचीत के दौरान मेयर डॉ. उमेश गौतम को जान से मारने की धमकी दी. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। धमकी मिलने के बाद PRO ने कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने संजीव अग्रवाल और मोहित उप्रेती के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस अब कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की पड़ताल कर रही है.

पहले भी मिल चुकी है धमकी

डॉ. उमेश गौतम को जान से मारने की धमकी मिलने का यह पहला मामला नहीं है. इससे पहले भी उन्हें एक इंटरनेशनल नंबर से फोन कर धमकी दी गई थी. अब दोबारा धमकी मिलने के बाद मामला चर्चा में है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि धमकी देने के पीछे क्या वजह है और नामजद आरोपियों की इसमें क्या भूमिका है.

टिकट के दावेदार माने जा रहे हैं मेयर

डॉ. उमेश गौतम प्रदेश स्तर पर मेयर काउंसिल के अध्यक्ष हैं. इसके साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव में उन्हें बरेली कैंट और बिथरी चैनपुर सीट से भाजपा टिकट का दावेदार भी माना जा रहा है. ऐसे में धमकी मिलने और दो लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद जिले की सियासत में भी चर्चा तेज हो गई है.

मेयर डॉ. उमेश गौतम ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है. फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है. अब यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि फोन किसने किया, धमकी देने की वजह क्या थी और इस मामले में नामजद लोगों की भूमिका क्या है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *