पंडित नेहरू की आत्मकथा में आजादी, विभाजन और चीनकश्मीर का जिक्र क्यों नहीं? चिट्ठियों में मिला जवाब​

पंडित नेहरू की आत्मकथा में आजादी, विभाजन और चीनकश्मीर का जिक्र क्यों नहीं? चिट्ठियों में मिला जवाब​

नेहरू वंश की चौथी पीढ़ी की सदस्य सोनिया गांधी की आत्मकथा Belonging: A Journey of Love इन दिनों चर्चा में है. इस किताब ने परिवार को पहचान देने वाले पंडित जवाहरलाल नेहरू की आत्मकथा की याद दिला दी. नेहरू ने अपनी आत्मकथा में आजादी की लड़ाई के शुरुआती दौर, अपने राजनीतिक संघर्ष, महात्मा गांधी से संबंधों और कांग्रेस की अंदरूनी हलचल का खूब जिक्र किया है. लेकिन यह कहानी 1930 के दशक के मध्य पहुंचकर ठहर जाती है. इसके बाद भारत का इतिहास तेजी से बदला. अंतरिम सरकार बनी. देश का विभाजन हुआ. आजादी मिली. नेहरू प्रधानमंत्री बने. कश्मीर का सवाल उठा. चीन से युद्ध हुआ. देश को लोकतंत्र और विकास की राह पर खड़ा करने की चुनौती सामने आई. अगले सत्रह साल तक नेहरू इन सबके केंद्र में रहे.

विडंबना देखिए. जिस दौर को दर्ज करना सबसे जरूरी था, उसी दौर को नेहरू ने अपनी आत्मकथा का हिस्सा नहीं बनाया. उनकी कहानी का यह हिस्सा दूसरों की कलम से सामने आया. किसी ने उनके फैसलों का समर्थन किया. किसी ने सवाल उठाए. किसी ने अपनी शिकायतें दर्ज कीं. लेकिन नेहरू ने उसके बारे में नहीं लिखा. क्यों? क्या उन्हें इसकी जरूरत महसूस नहीं हुई? क्या प्रधानमंत्री पद की जिम्मेदारियों ने लिखने का वक्त नहीं दिया? या वे अपने समय के फैसलों और घटनाओं को पत्रों, भाषणों और दस्तावेजों में ही दर्ज करना पर्याप्त समझते थे ?

जेल की तन्हाई में लिखी आत्मकथा

नेहरू की आत्मकथा 193435 में जेल के भीतर लिखी गई थी. फरवरी 1935 में उन्होंने इसे पूरा किया. 1936 में यह छपी. उनका मकसद सिर्फ अपनी जिंदगी का ब्योरा देना नहीं था. नेहरू ने लिखा कि वे अतीत की घटनाओं और उनमें अपनी भूमिका को समझना चाहते थे. यह भी देखना चाहते थे कि उनके फैसले कितने सही और कितने गलत रहे? यानी आत्ममंथन उनकी लेखनप्रक्रिया का हिस्सा था. किताब में महात्मा गांधी से मुलाकात, कांग्रेस की राजनीति, असहयोग आंदोलन, किसान आंदोलनों, जेल यात्राओं और अपने समकालीन नेताओं के बारे में उन्होंने खुलकर लिखा. कमलादेवी चट्टोपाध्याय से लेकर सुभाषचंद्र बोस, सरदार पटेल और मौलाना आजाद तक अनेक व्यक्तित्व इस कथा में आते हैं. अपनी कमजोरियों और उलझनों को भी उन्होंने छिपाया नहीं.

पंडित नेहरू की आत्मकथा 193435 में जेल के भीतर लिखी गई थी.

फैसलों के केंद्र में नेहरू

लेकिन किताब उस मुकाम पर थम जाती है, जहां भारतीय राजनीति एक नए और निर्णायक मोड़ की ओर बढ़ रही थी. 1935 के बाद के वर्षों में कांग्रेस की राजनीति बदली. दूसरा विश्वयुद्ध हुआ. भारत छोड़ो आंदोलन ने अंग्रेजी राज की उलटी गिनती शुरू की. नेहरू लंबे समय तक अहमदनगर किले में बंद रहे. इसी जेल में उन्होंने The Discovery of India लिखी.1946 में नेहरू अंतरिम सरकार के प्रमुख बने. अंग्रेजों से सत्ता हस्तांतरण की बातचीत शुरू हुई. कैबिनेट मिशन योजना आई. कांग्रेस और मुस्लिम लीग के बीच टकराव बढ़ा. विभाजन का फैसला हुआ. फिर 15 अगस्त 1947 को आजादी. लेकिन आजादी और उसके बाद की कहानी लिखने के लिए वे समय नहीं निकाल सके.

ये घटनाएं केवल इतिहास की तारीखें नहीं थीं. इनके हर मोड़ पर नेहरू की भूमिका थी. विभाजन स्वीकार करने का फैसला. पाकिस्तान का निर्माण. शरणार्थियों की समस्या. सांप्रदायिक हिंसा. रियासतों का भारत में विलय. फिर कश्मीर का सवाल. संयुक्त राष्ट्र में मामला ले जाने का निर्णय. इन सबके बीच प्रधानमंत्री नेहरू की सोच और उनके फैसले निर्णायक थे.

नेहरू लिखते तो बहुत सी धुंध छंटती

दूसरों ने इन सवालों पर खूब लिखा. आज भी उनकी चर्चा और विवाद होते हैं. आरोप लगाने वाले हैं तो बचाव वाले भी पीछे नहीं हैं. पर काश ! इन सवालों पर नेहरू की कलम चली होती! शायद तब बहुत सी धुंध छंटती. उन्होंने बहुत से पत्र लिखे. भाषण दिए. कैबिनेट में विचार रखे. सहयोगियों से संवाद किया. मगर घटनाओं के ब्यौरों और सालों बाद भीतर झांकते हुए अपने ही फैसलों का मूल्यांकन कुछ अलग ही तस्वीर पेश करता. इसकी जरूरत इसलिए भी महसूस होती है कि नेहरू उस तमाम ऐतिहासिक घटनाक्रम के सिर्फ साक्षी नहीं थे. वे उनके केंद्र में थे. 1947 से 1964 तक देश का उन्होंने नेतृत्व किया.

पंडित नेहरू.

सत्रह साल का यह वक्त भारतीय इतिहास का वह सरगर्म दौर था, जब उनके फैसले देश को नयी शक्ल और रास्ते दे रहे थे. इन पर उनकी अपनी कलम चली होती तो वह इतिहास की धरोहर होती. मौलाना अबुल कलाम आजाद ने India Wins Freedom में आजादी और विभाजन के घटनाक्रम को अपनी नजर से बयान किया. जे.बी. कृपलानी ने My Times में इन सवालों पर अपनी राय दर्ज की.

इन मसलों पर लिखी हर किताब में नेहरू का बारबार जिक्र है. कहीं प्रशंसा करते हुए. कहीं आलोचना और उनसे असहमति व्यक्त करते हुए. नेहरू ने अपनी किताब लिखी होती तो वह बहुत सी असहमतियों का जवाब होती. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। साथ ही शायद तब देश उस दौर को बेहतर तरीके से समझ सकता.

फिर इरादा बदल दिया

नेहरू ने एक मौके पर अपनी जिंदगी के आगे के हिस्से के बारे में लिखने को सोचा था. पर यह मुमकिन नहीं हो सका. सैयद आबिद हुसैन ने अपनी किताब The Way of Gandhi and Nehru की भूमिका लिखने का उनसे अनुरोध किया था. 7 अप्रैल 1957 को अपनी असमर्थता व्यक्त करते हुए नेहरू ने उन्हें लिखा कि अगर समय मिला और इच्छा हुई तो वह अपनी आत्मकथा को आगे बढ़ा सकते हैं. यानी नेहरू के मन में अपनी कहानी का अगला हिस्सा लिखने का विचार था. हालांकि यह सार्वजनिक घोषणा नहीं थी.

एक निजी चिट्ठी में उन्होंने इसका इरादा जाहिर किया था. पर अगले चार साल बाद वह मन बदल चुके थे. 5 जून 1961 को नेहरू ने टी.एन. कौल को एक चिट्ठी लिखी. कौल ने उन्हें आत्मकथा की नई भूमिका लिखने की राय दी थी. नेहरू ने जवाब दिया कि पुरानी आत्मकथा को आज के दौर तक बढ़ाना आसान नहीं है. इसके लिए उन्हें पूरी नई किताब लिखनी पड़ेगी.उन्होंने लिखा, I would have to write a new book, and that is utterly beyond my capacity. क्या प्रधानमंत्री पद की व्यस्तताओं ने उन्हें ऐसा करने से रोका? या इसकी कोई और वजह थीं?

20 फरवरी 1962 को नेहरू ने अपनी आत्मकथा के नए भारतीय संस्करण के लिए भूमिका लिखी. उन्हें अहसास था कि यह किताब जिस दौर तक का इतिहास बयान करती है, तब से देश और दुनिया काफी बदल चुके हैं. लेकिन नेहरू चाहते थे कि नई पीढ़ी को उस दौर के संघर्ष को समझना चाहिए, क्योंकि आज के भारत को समझने के लिए उस इतिहास से गुजरना जरूरी है. 15 फरवरी 1963 को उन्होंने अपनी आत्मकथा के संस्कृत अनुवाद के लिए संदेश दिया. अनुवादक कमलापति मिश्र थे. नेहरू ने लिखा कि उनकी आत्मकथा 28 साल पहले लिखी गई थी. इस बीच भारत और दुनिया दोनों बदल चुके हैं. उसमें लिखी अनेक बातें अब इतिहास का हिस्सा बन गई हैं. गौरतलब है कि वे अपनी आत्मकथा के अनुवाद और उसके नए संस्करणों में रुचि लेते रहे. लेकिन जिंदगी के आगे सालों को कलमबंद करने में उन्होंने रुचि नहीं दिखाई.

वो कहानी दूसरों ने लिखी

नेहरू के जीवन और विचारों पर दूसरों ने बहुत कुछ लिखा. 25 नवंबर 1963 को नेहरू ने अमेरिकी लेखिका डोरोथी नॉर्मन को चिट्ठी लिखी, जिसमें किताब की भूमिका लिखने का वादा था. उन दिनों नॉर्मन उनकी रचनाओं और भाषणों के आधार पर Nehru: The First Sixty Years तैयार कर रही थीं. दुर्भाग्य से यह किताब नेहरू की जिंदगी में नहीं छप सकी. हालांकि यह नेहरू की आत्मकथा नहीं थी. उनके लेखों, भाषणों और विचारों के जरिए उनके जीवन को समझने की किताब में कोशिश की गई. नेहरू के पत्र, भाषण और लेख आज भी इतिहासकारों के लिए बड़ा खजाना हैं. लेकिन अगर वे खुद विभाजन, आजादी और बाद के भारत पर लिख पाते तो इतिहास की कई परतें खुलतीं. दिलचस्प है कि नेहरू ने लिखना कभी बंद नहीं किया. प्रधानमंत्री रहते हुए भी उनकी कलम चलती रही.

मुख्यमंत्रियों को लिखे उनके पत्र प्रशासन, लोकतंत्र और देश की चुनौतियों को समझने का महत्वपूर्ण स्रोत हैं. सरदार पटेल, मौलाना आजाद और दूसरे नेताओं के साथ उनके पत्राचार से उस समय की राजनीति के कई अनछुए पहलू सामने आते हैं. उनके भाषण और संसद में दिए गए वक्तव्य भी उपलब्ध हैं. Selected Works of Jawaharlal Nehru में उनके पत्रों और दस्तावेजों का विशाल संग्रह है.नेहरू ने दुनिया का इतिहास लिखा. भारत की खोज की. आजादी की लड़ाई के अनुभव लिखे. फिर स्वतंत्र भारत के निर्माता के रूप में अपने सत्रह वर्षों का इतिहास क्यों नहीं लिखा? जिस दौर को लिखना उनके लिए सबसे जरूरी था, उसे उन्होंने दूसरों के जिम्मे क्यों छोड़ दिया? सच है कि नेहरू की अधूरी आत्मकथा का सबसे दिलचस्प अध्याय वही है, जिसे उन्होंने लिखा ही नहीं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *