बेटी बोली ‘मां एक महीने से डिप्रेशन में थीं, मरने की बात कहती थीं…’, बाराबंकी में ट्रेन के आगे जान देने वाले परिवार की कहानी​

बेटी बोली ‘मां एक महीने से डिप्रेशन में थीं, मरने की बात कहती थीं…’, बाराबंकी में ट्रेन के आगे जान देने वाले परिवार की कहानी​

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में शुक्रवार शाम एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई. यहां एक महिला ने अपनी तीन बेटियों के साथ ट्रेन के सामने बैठकर जान दे दी. चारों जम्मूतवी एक्सप्रेस की चपेट में आ गईं. हादसे में महिला और तीनों बच्चियों की मौके पर ही मौत हो गई. घटना कोतवाली नगर क्षेत्र की है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों की पहचान कराने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. शुरुआती जांच में पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मान रही है. हालांकि, जीआरपी और रेलवे अधिकारियों के साथ मिलकर घटना की जांच की जा रही है.

मृतका के पति रामतेज पाल ने बताया कि उनकी शादी को करीब 20 साल हो चुके हैं. उनकी चार बेटियां हैं. शुक्रवार को वह पत्नी को आंखों का इलाज कराने अस्पताल लेकर गए थे. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। दोपहर करीब तीन बजे दोनों घर लौट आए. इसके बाद शाम चार बजे वह अपनी बड़ी बेटी रिया को लेकर ठंड के कपड़े खरीदने बाजार चले गए.

इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि रेलवे ट्रैक पर एक महिला और तीन बच्चियों की ट्रेन से कटकर मौत हो गई है. वह बेटी के साथ घर पहुंचे तो पत्नी और तीनों बच्चियां वहां नहीं मिलीं. एक रिश्तेदार ने बताया कि चारों किसी जरूरी काम से बाहर गई हैं. इसके बाद रामतेज घटनास्थल पर पहुंचे, जहां उन्हें पत्नी और बेटियों की मौत की जानकारी मिली.

बीमारी और इलाज के खर्च को लेकर थीं परेशान

परिजनों के मुताबिक, महिला पिछले कुछ समय से कई स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रही थीं. अगस्त में उनकी बच्चेदानी का ऑपरेशन हुआ था. इसके अलावा उन्हें पथरी की शिकायत थी और आंखों का इलाज भी चल रहा था. कान में सुनने के लिए मशीन भी लगी हुई थी.

लगातार इलाज पर खर्च होने वाली रकम को लेकर वह मानसिक तनाव में रहती थीं. पति के मुताबिक, पत्नी को बेटियों की पढ़ाई और उनके भविष्य की भी चिंता सताती थी. उन्हें लगता था कि इलाज में ही परिवार की सारी जमा पूंजी खर्च हो रही है. ऐसे में आगे बच्चों की जिम्मेदारी कैसे पूरी होगी, इस बात को लेकर वह परेशान रहती थीं.

बेटी बोली मां कहती थीं, मैं मर जाऊंगी

मृतका की 12 वर्षीय बड़ी बेटी रिया ने बताया कि उसकी मां करीब एक महीने से डिप्रेशन में थीं. वह कई बार कहती थीं कि वह मर जाएंगी और बच्चों को भी अपने साथ लेकर चली जाएंगी. इस पर पिता, मौसी और परिवार के अन्य सदस्य उन्हें समझाते थे कि दवाइयों से सब ठीक हो जाएगा.

रिया के मुताबिक, समझाने पर मां ऐसा कुछ नहीं करने की बात कहती थीं. परिवार वर्ष 2022 से बाराबंकी में अपने निजी मकान में रह रहा है. रिया यूनिवर्सिटी एकेडमी में पांचवीं कक्षा की छात्रा है.

उसने बताया कि शुक्रवार शाम करीब 6:40 बजे जब वे घटनास्थल पर पहुंचे तो वहां मौजूद एक व्यक्ति ने मोबाइल में फोटो दिखाकर शवों की पहचान कराई. स्थानीय लोगों ने बताया कि घटना शाम करीब छह बजे हुई थी.

घटना की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसका संज्ञान लिया. उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और अधिकारियों को परिवार से संपर्क कर हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए. साथ ही चारों शवों को परिजनों तक पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा.

पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में परिवार के भीतर किसी विवाद की बात सामने नहीं आई है. जीआरपी और रेलवे अधिकारियों के साथ मामले की जांच की जा रही है. पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है, ताकि महिला के इस कदम के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाया जा सके.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *