
मध्य प्रदेश के खरगोन जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. जिस मां ने दो बेटों को जन्म दिया, पाल-पोसकर बड़ा किया आज उसी मां के इलाज का खर्च दो भाइयों के बीच खूनी संघर्ष बन गया. कैंसर से जूझ रही विधवा मां के इलाज पर पैसे खर्च करने को लेकर छोटे और बड़े भाई के बीच अक्सर विवाद होता था. इसी विवाद ने ऐसा खूनी रूप लिया कि छोटे भाई ने लकड़ी के डंडे से हमला कर बड़े भाई की हत्या कर दी. इतना ही नहीं हत्या के बाद सबूत मिटाने के लिए उसने घर के ही एक कमरे में गड्ढा खोदा और बड़े भाई के शव को दफना दिया. परिवार को धमकाकर चुप करा दिया लेकिन 11 साल की मासूम बेटी ने हिम्मत दिखाई और अपने पिता की हत्या का राज खोल दिया.
दरअसल यह पूरा मामला खरगोन जिले के शकरखेड़ी गांव का है. भीकनगांव एसडीओपी केतन अडलक के मुताबिक 34 वर्षीय पूनम बारे ने अपने 38 वर्षीय बड़े भाई संतोष की हत्या की है. शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों भाइयों के बीच कैंसर पीड़ित मां के इलाज के खर्च को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. मां को पारिवारिक पेंशन मिलती थी, लेकिन छोटा भाई पूनम इलाज पर पैसा खर्च करने का विरोध करता था. वह इलाज के खर्च के लिए बड़े भाई संतोष को जिम्मेदार ठहराता था. इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर कहासुनी होती थी.
भाई ने की भाई की हत्या
पुलिस के मुताबिक 5 नवंबर को घर में पूनम, संतोष, उनकी मां और संतोष के दो बच्चे मौजूद थे. पूनम की पत्नी और बच्चे मायके गए हुए थे. इसी दौरान मां के इलाज के खर्च को लेकर दोनों भाइयों में फिर विवाद हो गया. गुस्से में आए पूनम ने लकड़ी के डंडे से संतोष के सिर और पैरों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. हमले में संतोष गंभीर रूप से घायल हो गया. इसके बाद आरोपी ने उसे कमरे में बंद कर दिया और परिवार के सदस्यों को किसी को कुछ भी बताने पर पुलिस कार्रवाई और घर-जायदाद जब्त होने की धमकी दी.
घर गड्ढा खोदकर दफनाया
इस पूरी घटना की सबसे दर्दनाक तस्वीर संतोष की 11 साल की बेटी शिवानी से जुड़ी है. पिता को घायल देखकर वह घबरा गई. दादी की मदद से उसने पिता को दर्द की दवा दी. घायल संतोष ने बेटी से कहा कि वह सो जाएगा. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। मोबाइल में रिचार्ज नहीं होने के कारण शिवानी एंबुलेंस भी नहीं बुला सकी. उधर, आरोपी की धमकी से परिवार के लोग खौफ में रहे. समय पर इलाज नहीं मिलने के कारण अगले दिन संतोष की मौत हो गई.
बड़े भाई की मौत के बाद भी आरोपी का दिल नहीं पसीजा. उसने उसी कमरे में गड्ढा खोदा और संतोष के शव को दफना दिया. घर के भीतर ही हत्या का सबूत छिपा दिया गया. आरोपी की धमकियों के कारण मां और परिवार के अन्य सदस्य दो दिनों तक खामोश रहे.
11 साल की बेटी ने खोला राज
आखिरकार 7 नवंबर को 11 साल की शिवानी ने हिम्मत जुटाई और घर से निकलकर गांव के सरपंच के पास पहुंची. उसने सरपंच को अपने पिता के साथ हुई पूरी घटना बताई. सरपंच ने तत्काल पुलिस को सूचना दी. पुलिस मौके पर पहुंची और घर के कमरे की खुदाई कर संतोष का शव बरामद कर लिया. पुलिस ने आरोपी छोटे भाई पूनम बारे को गिरफ्तार कर लिया है. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
जिस मां के इलाज और सेवा के लिए दोनों भाइयों को साथ खड़ा होना चाहिए था, उसी मां के इलाज का खर्च उनके बीच खूनी दुश्मनी की वजह बन गया. इस घटना ने न सिर्फ भाई-भाई के रिश्ते को शर्मसार किया, बल्कि एक मासूम बेटी से उसका पिता भी छीन लिया.