Mohit Ulva: भारत ने अंडर19 एशिया कप 2026 के फाइनल में पाकिस्तान को आखिरी गेंद पर एक विकेट से हराकर नौवीं बार खिताब अपने नाम किया। इस ऐतिहासिक जीत के सबसे बड़े नायक रहे मोहित उलवा , जिन्होंने 26 गेंदों पर नाबाद 49 रन की पारी खेली और अंतिम गेंद पर चौका जड़कर भारत को चैंपियन बना दिया।

मुकाबले के बाद मोहित उलवा ने अपनी पारी, दबाव और जीत के आखिरी क्षणों को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि मुश्किल हालात में भी उन्हें खुद पर पूरा भरोसा था।
‘मुझे खुद पर और भगवान पर भरोसा था’: Mohit Ulva
भारत को पाकिस्तान ने 338 रनों का लक्ष्य दिया था। एक समय भारतीय टीम 252 रन पर आठ विकेट गंवाकर संघर्ष कर रही थी। ऐसे में मोहित ने मनाल चौहान के साथ मिलकर नौवें विकेट के लिए 57 रनों की अहम साझेदारी की। मनाल ने 32 गेंदों पर 47 रन बनाए, जबकि मोहित ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए टीम को जीत के करीब पहुंचाया।
मैच के बाद मोहित ने अपने आत्मविश्वास को लेकर कहा,
“कुछ खास नहीं, मुझे खुद पर भरोसा था और भगवान पर विश्वास था। मेरा एशिया कप अब तक बहुत अच्छा नहीं रहा था। मैं जानता था कि मैं गेंदबाज हूं, लेकिन मुझे खुद पर एक ऑलराउंडर के रूप में भी भरोसा था।”
उन्होंने आगे बताया कि आखिरी गेंद पर वह किस तरह तैयार थे।
“मैं बस उस एक गेंद का इंतजार कर रहा था। मुझे पता था कि मैं चौका लगा सकता हूं और मैच खत्म कर सकता हूं। मुझे पूरा विश्वास था कि आज मेरा दिन है और मैं ही मैच खत्म करूंगा।”
मनाल और वेंकट को Mohit Ulva ने दिया जीत का श्रेय
मोहित उलवा ने अपनी सफलता का श्रेय साथी खिलाड़ियों को भी दिया। उन्होंने मनाल चौहान की पारी को अहम बताया। उनके मुताबिक, मनाल ने बल्लेबाजी के लिए उनसे पहले उतरकर जिस तरह टीम को गति दी, उससे आगे का काम आसान हुआ।
मोहित ने कहा,
“मनाल ने मुझसे पहले बल्लेबाजी करते हुए जिस तरह लय बनाई, वह शानदार था। मुझे बस मैदान पर जाकर अपना योगदान देना था।”
आखिरी ओवरों में चिगुरुपति वेंकट ने भी मोहित का हौसला बढ़ाया। मोहित ने बताया कि वेंकट लगातार उनसे कह रहे थे कि वह मैच खत्म कर सकते हैं। इससे उनका आत्मविश्वास और मजबूत हुआ।
आखिरी गेंद पर चैंपियन बना भारत
भारत को अंतिम ओवर में आठ रन चाहिए थे। आखिरी गेंद पर जीत के लिए तीन रन की जरूरत थी। मोहित ने अहमद हुसैन की गेंद पर चौका लगाकर भारत को 339/9 के स्कोर तक पहुंचाया और टीम को यादगार जीत दिलाई। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। उन्हें इस शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।