
लखनऊ। सावन महीने में शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा को देखते हुए प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा और खानपान की स्वच्छता को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। कांवड़ियों के आवागमन वाले प्रमुख मार्गों पर नॉनवेज की दुकानें बंद रहेंगी। इस दौरान नॉनवेज बेचने वालों के लाइसेंस भी निलंबित रहेंगे। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने पूरे सावन महीने विशेष जांच अभियान चलाने का फैसला लिया है। विभाग की टीमें कांवड़ यात्रा मार्गों पर स्थित खानपान, फल और जूस की दुकानों की साफसफाई और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच करेंगी।
प्रमुख मार्गों पर रहेगी निगरानी
एफएसडीए के सहायक आयुक्त खाद्य विजय प्रताप सिंह ने बताया कि कांवड़ियों की आवाजाही को देखते हुए अयोध्या मार्ग, कुर्सी रोड, मोहान रोड, सीतापुर रोड और गोसाईगंज मार्ग पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि विभाग की टीमों ने इन मार्गों पर स्थित दुकानों का निरीक्षण शुरू कर दिया है। दुकानों में स्वच्छता व्यवस्था, खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और नियमों के पालन की जांच की जा रही है।
इन इलाकों में तैनात रहेंगी टीमें
एफएसडीए की टीमें कमता से गोल्डन ब्लॉसम तक अयोध्या मार्ग, कुर्सी रोड पर बीकेटी से भिटौली चौराहा तक, मोहनलालगंज से अयोध्या मार्ग और बुद्धेश्वर से मोहान रोड तक तैनात रहेंगी। इन क्षेत्रों में खानपान की दुकानों, फल और जूस सेंटरों पर विशेष जांच की जाएगी, ताकि कांवड़ियों को स्वच्छ और शाकाहारी भोजन उपलब्ध कराया जा सके।
लखनऊ होकर गुजरते हैं बड़ी संख्या में कांवड़िए
कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालु हरिद्वार, गंगोत्री, गौमुख और प्रयागराज जैसे तीर्थ स्थलों से गंगाजल लेकर अपनेअपने क्षेत्रों के शिव मंदिरों में जलाभिषेक करते हैं। लखनऊ में मनकामेश्वर महादेव और बुद्धेश्वर महादेव मंदिर के साथ ही बाराबंकी के लोधेश्वर महादेव मंदिर जाने वाले श्रद्धालु भी शहर से होकर गुजरते हैं। इसके अलावा कानपुर, उन्नाव और फतेहपुर से आने वाले कांवड़िए लखनऊ के रास्ते वाराणसी की ओर जाते हैं। एफएसडीए ने साफ किया है कि सावन भर अभियान जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें :